53 के हुए किंग खान, आज भी करते हैं दिलों पर राज 

know things about romance king shahrukh khan on his 53th birthday
53 के हुए किंग खान, आज भी करते हैं दिलों पर राज 
53 के हुए किंग खान, आज भी करते हैं दिलों पर राज 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह, ये सुनते भर से समझ आ जाता है कि बात हो रही है बॉलीवुड के किंग ऑफ रोमांस शाहरुख खान की। फिल्म इंडस्ट्री के बादशाह शाहरुख आज अपना 53वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। बॉलीवुड के किंग खान बनने के लिए शाहरुख ने अपनी जिंदगी के अब तक 25 साल गुजर दिए। भले ही शाहरुख ने बॉलीवुड 25 साल से ज्यादा का वक्त दिया हो, लेकिन असल जिंदगी में किंग खान की बनने की शुरुआत 39 साल पहले दिल्ली के विवेक थियेटर में हो गई थी, जब शाहरुख अपने दोस्तों के साथ फिल्म ‘जोशीला’ देख रहे थे तभी उन्होंने दोस्तों से मजाक-मजाक में ये कह दिया कि वो एक दिन फिल्मी दुनिया का बादशाह बनेंगे। तब शायद उन्हें ये बात पता भी न थी कि ये मजाक एक दिन हकीकत में बदल जाएगा। वो फिल्मों में कभी आना नहीं चाहते थे पर शायद किस्मत को उन्हें बॉलीवुड का किंग खान बनाना था। शाहरुख ने दिल्ली के सेंट कोलंबस स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की। यहीं उनकी मुलाकात गौरी से भी हुई।

टीवी से करियर की शुरुआत 

2 नवंबर 1965 को दिल्ली में जन्मे शाहरुख खान ने अपना करियर टीवी सीरियल से शुरू किया । सन् 1989 में उन्होंने "फौजी" सीरियल से टीवी चैनल में डेब्यू किया था। इसके बाद शाहरुख ने "सर्कस", "उम्मीद" जैसे टीवी सीरियल्स में काम किया। कुछ समय सीरियल्स में काम करने के बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया और काफी संघर्ष के बाद उन्हें पहली फिल्म मिली ‘दीवाना’ जो साल 1992 में आई थी और ये फिल्म उस वक्त की ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी।

बॉलीवुड के सुपरस्टार बने किंग खान

पहली ही फिल्म से सफलता के झंडे गाड़ चुके शाहरुख को फिल्में मिलने का दौर शुरु हो गया। जिसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। शाहरुख खान ने यश चोपड़ा के बैनर तले बनी फिल्म "डर" और "बाजीगर" में काम किया, जिसमें उनका किरदार निगेटिव रहा। शाहरुख खान ने "डर" में साइको लवर और "बाजीगर" में मर्डरर का रोल निभाया था। "डर" फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड्स में बेस्ट विलेन रोल का अवार्ड मिला। इस वजह से शाहरुख खान की इमेज एक निगेटिव के रूप में पहचानी जाने लगी। बाद में शाहरुख खान एक रोमांटिक हीरो के तौर पर उभरते चले गए। "दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे" फिल्म ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में शाहरुख खान का ओहदा और ऊंचा कर दिया। शाहरुख ने "कभी हां कभी ना", "मोहब्बतें", "देवदास", "वीर जारा", "कुछ कुछ होता है", "कभी खुशी कभी गम" "चक दे" "चेन्नई एक्सप्रेस", "हैप्पी न्यू ईयर", "दिलवाले" और "रईस" जैसी फिल्में की हैं। अब तक वो 80 से भी ज्यादा फिल्में कर चुके हैं जिनमें एक से एक हिट फिल्म शामिल है। इनमें कई भूमिकाएं शाहरुख ने निभाई, जो आज भी लोगों के जेहन में हैं। दिसंबर में शाहरुख फिल्म "जीरो" से हीरो बनने आ रहे हैं।बर्थडे के मौके पर फिल्म "जीरो" का ट्रेलर आया है। 

यश चोपड़ा ने बनाया रोमांस किंग

फिल्मकार यश चोपड़ा के साथ की उनकी सभी फिल्में ‘दिल तो पागल है", ‘दिल से", ‘वीर जारा", ‘जब तक है जान" बड़ी हिट रहीं और बॉलीवुड में शाहरुख को ‘किंग ऑफ रोमांस" कहा जाने लगा। यश चोपड़ा के अलावा उनके बेटे निर्देशक आदित्य चोपड़ा के साथ भी शाहरुख की जोड़ी हिट रही और दोनों ने एक साथ ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे", ‘मोहब्बतें", ‘रब ने बना दी जोड़ी" जैसी सफल फिल्में दीं।

दिलचस्प रही शाहरुख की रियल लवस्टोरी

बॉलीवुड में अपार सफलता हासिल करने वाले किंग खान अपनी निजी जिंदगी में भी किंग साबित हुए। शाहरुख खान ने बॉलीवुड में अपना करियर शुरू होने से पहले वर्ष 1991 में गौरी से शादी कर ली थी, जिनके साथ वह लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे। शाहरुख और गौरी आज भी बॉलीवुड के मोस्ट रोमांटिक कपल माने जाते हैं। शाहरुख के तीन बच्चे आर्यन खान, सुहाना खाना और अबराम खान हैं। अबराम अपनी क्यूटनेस के कारण चर्चाओं में रहते हैं। वहीं आर्यन खान समय समय पर पापा की तरह हैंडसम नजर आते है। वहीं शाहरुख की बेटी सुहाना बॉलीवुड में डेब्यू की तैयारियां कर रही है। 

कई अवॉर्ड्स से सम्मानित शाहरुख खान

किंग खान आज भी बॉलीवुड में लगातार सक्रिय हैं। शाहरुख ने अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए तमाम पुरस्कार हासिल किए, जिसमें 14 फिल्मफेयर अवार्ड शामिल हैं। फिल्मों में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए भारत सरकार उन्हें पद्मश्री से सम्मानित कर चुकी है। 

किंग खान का चार्म

शाहरुख के चार्म की तो लड़कियां आज भी दीवानी हैं। आज भी जब शाहरुख बाहें फैलाते हैं, तो फैंस के दिल धड़कते हैं। बादशाह का ये अंदाज कभी हर दिल अजीज था, और आज भी है।

Created On :   2 Nov 2018 10:20 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story