'लव स्ट्रीट' की शूटिंग के लिए झारखंड पहुंचे राजपाल, रजरप्पा मंदिर में किए दर्शन

'लव स्ट्रीट' की शूटिंग के लिए झारखंड पहुंचे राजपाल, रजरप्पा मंदिर में किए दर्शन

डिजिटल डेस्क, रांची। बॉलीवुड के फेमस हास्य अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी एक फिल्म लव स्ट्रीट की शूटिंग के सिलसिले में झारखंड में हैं। राजपाल रांची में बुधवार को हुंडरू फॉल देखने गए। इसके बाद रजरप्पा मंदिर भी दर्शन करने के लिए गए। हुंडरू फॉल को देखकर राजपाल ने कहा कि प्रकृति ने झारखंड को अनमोल तोहफा दिया है। झारखंड फिल्म शूटिंग का हब भी बन सकता है। राजपाल ने बताया कि वे हुंडरू फॉल की ख्याति सुनकर अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग करने आए हैं।

 

 

हुंडरू फॉल ब्रिज पर की शूटिंग

बता दें कि राजपाल की फिल्म के तीन-चार शॉट हुंडरू फॉल के पुल पर फिल्माए गए। उन्होंने वहां पर कार्यरत जेटीडीसी के पर्यटनकर्मियों के काम की तारीफ भी की। राजपाल ने कहा कि मौका मिलेगा, तो फिर दोबारा हुंडरू फॉल आएंगे। इधर फिल्म की शूटिंग की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रशासन के अलावा पर्यटनकर्मी बालेश्वर बेदिया, राजकिशोर प्रसाद, विष्णु बेदिया, रंजन बेदिया, राजेश बेदिया और कार्तिक बेदिया ने भी सुरक्षा की कमान संभाल रखी थी।

 

राजपाल ने झारखंड की वादियों से एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें वह झारखंड के लोगों का धन्यवाद कर  रहे हैं। 

 

 

मां छिन्नमस्तिका मंदिर में भी मत्था टेका

 

इससे पहले राजपाल सुबह में रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे और मां भगवती के चरणों मे मत्था टेक आशीर्वाद लिया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि झारखंड आकर बहुत ही अच्छा लगा। फिल्म उद्योग के लिए रजरप्पा सबसे अच्छी लोकेशन है। उन्होंने कहा कि झारखंड को यहां फिल्म शूटिंग के लिए प्रकृति ने सभी संसाधन दिए हैं। झारखंड में खूबसूरत वादियां सहित हरे-भरे जंगल मौजूद हैं।

 

उन्होंने कहा कि भविष्य में मुझे मौका मिला तो झारखंड में बड़ी फिल्मों की शूटिंग कराऊंगा। इस दौरान रामगढ़ एसडीपीओ सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा राजपाल झारखंड के सीएम रघुबर दास से भी मिले।

 

 

Created On :   12 April 2018 8:37 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story