दैनिक भास्कर हिंदी: बालकनी में आकर सलमान खान ने अपने फैंस को दी ईद की शुभकामनाएं

September 6th, 2018

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान ने ईद पर अपने फैंस को शुभकामनाएं दी हैं। उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट में ईद की पार्टी रखी गई थी। पार्टी में सलमान खान के करीबी लोग शामिल हुए। इस मौके पर सलमान के घर के बाहर कई फैंस भी इकट्ठा हुए थे। सलमान ने अपने फैंस को निराश न करते हुए बालकनी में आकर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। सलमान के साथ अमृता अरोड़ा के बच्चे भी थे। सलमान ईद के मौके पर सफेद कुर्ते में नजर आए। वहीं अमृता के बच्चे पीले कुर्ते में सलमान खान के साथ खड़े हुए थे।

इस दौरान अपार्टमेंट के बाहर खड़ी पुलिस भीड़ को काबू करने में जुटी रही। बता दें कि सलमान हर साल इसी तरह ईद के मौके पर अपने फैंस को मुबारकबाद देते हैं। उनके फैंस भी हर बार की तरह उनके बालकनी पर आने के वेट करते हैं। शुक्रवार को ही सलमान खान की फिल्म 'रेस 3' रिलीज हुई है। फिल्म ने पहले दिन जबरदस्त कमाई करके लोगों को चौंका दिया।

फिल्म ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक सलमान खान की फिल्म रेस 3 की ओपनिंग डे कमाई पर चौंकाने वाली है। तरण आदर्श के ट्वीट के मुताबिक फिल्म बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 29.17 करोड़ का रहा।