सलमान से लेकर शाहरुख तक, कई सुपरस्टार्स के साथ पंकज धीर ने किया काम, इन सुपरहिट फिल्मों में निभाए थे यादगार रोल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बीआर चोपड़ा की महाभारत में करण का किरदार निभाने वाले एक्टर पंकज धीर का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने 68 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बीते काफी समय से पंकज धीर कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने कई टीवी सीरियल में काम किया। लेकिन वे 'महाभारत' में कर्ण का किरदार निभा कर वह मशहूर हुए। उनके इस किरदार को इतना पसंद किया गया कि किताबों में उनकी तस्वीरें छपीं और कई जगहों पर उनके मंदिर बनाए गए। टीवी में काम करने के अलावा पंकज धीर ने कई फिल्मों में भी काम किया है और सलमान से लेकर शाहरुख तक कई सुपरस्टार्स के साथ स्क्रिन शेयर की।
सनम बेवफा
साल 1991 में रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म 'सनम बेवफा' में पंकज धीर ने जुबेर खान का किरदार निभाया। इस फिल्म में चांदनी भी थीं। इसका निर्देशन सावन कुमार टाक ने किया था। महज 90 लाख रुपये में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 10 करोड़ रुपये कमाए थे।
सड़क
साल 1991 में रिलीज हुई संजय दत्त की फिल्म सड़क में पंकज धीर ने इंस्पेक्टर ईरानी का रोल किया था। पुलिस की भूमिका में पंकज को दर्शकों ने खूब पसंद किया। महेश भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पूजा भट्ट भी थीं। इस फिल्म की लागत 2.70 करोड़ रुपये थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर 10.8 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
बादशाह
साल 1999 में शाहरुख खान की एक फिल्म 'बादशाह' रिलीज हुई थी। इस फिल्म में पंकज धीर ने चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर खन्ना का किरदार निभाया था। इस फिल्म में ट्विंकल खन्ना भी थीं। दर्शकों ने फिल्म को खूब पसंद किया था। 11 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने 31.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
तुमको न भूल पाएंगे
सलमान खान और सुष्मिता सेन की अदाकारी वाली फिल्म 'तुमको न भूल पाएंगे' साल 2002 में रिलीज हुई थी। इसमें पंकज धीर ने शिव प्रताप सिंह की भूमिका निभाई थी। यह फिल्म भी कामयाब रही थी। 11 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 19.89 करोड़ रुपये है।
अंदाज
साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'अंदाज' में अक्षय कुमार, लारा दत्ता और प्रियंका चोपड़ा ने अहम किरदार निभाया था। इसमें पंकज धीर ने प्रोफेसर राहुल मल्होत्रा का किरदार निभाया था। 9.25 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 28.81 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
टारजन- द वंडर कार
पंकज कपूर ने फिल्म 'टारजन; द वंडर कार' में राकेश कपूर का किरदार निभाया था। इस फिल्म में वत्सल सेठ, आयशा टाकिया और अजय देवगन थे। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म अच्छा नहीं कर पाई थी।
Created On :   15 Oct 2025 5:59 PM IST