- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- क्या खामेनेई का जनाजा मशहद में...
Fact Check: क्या खामेनेई का जनाजा मशहद में पहुंचते ही अमेरिका ने हवाई हमले किए? जानें वायरल दावे का सच

डिजिटल डेस्क, भोपाल। ईरान में अपने पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने हजारों लोग सड़कों पर उतरे। ईरान के शहर हरान, कोम, नजफ, कर्बला से होते हुए उनकी अंतिम यात्रा 9 जुलाई को मशहद में पहुंची, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस बीच अमेरिका ने ईरान के कई इलाकों पर हमला किया। एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि खामेनेई का जनाजा जैसे ही मशहद पहुंचा अमेरिका ने वहां मिसाइल से ताबड़तोड़ हमले कर दिए।
वायरल वीडियो में भीषण आग और उसके आसमान छूते हुए धुएं के गुबार को देखा जा सकता है। वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, 'आयतुल्ला अली खामेनेई का जनाजा मशहद पहुंचा तो अमेरिका ने वहां मिसाइलों की बारिश शुरू कर दी!'
पड़ताल
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये वीडियो मिडिल-ईस्ट नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। पिछले साल 6 मई को अपलोड किए गए इस वीडियो से ये तो साबित हो गया कि यह अभी का नहीं बल्कि एक साल पुराना है।
वीडियो के डिस्क्रिप्शन को पढ़ने पर हमें पता चला कि वीडियो यमन में उस समय का है जब इजरायल ने यहां के एक पोर्ट समेत आसपास के इलाके पर हमला किया था। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक 5 मई 2025 को ईरान के समर्थन वाले हूती विद्रोहियों ने इजरायल के एक एयरपोर्ट पर हमला किया था। जिसके जवाब में इजरायल ने यमन के बंदरगाहों को निशाना बनाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायली सेना ने अपने 30 लड़ाकू विमानों से कम से कम 50 बम गिराए थे। आज तक ने भी वायरल वीडियो का फैक्ट चेक किया था और उसे अभी का नहीं बल्कि 6 मई 2025 का बताया था।
इस तरह हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो अभी का नहीं बल्कि 6 मई 2025 में यमन पर हुए इजरायली अटैक का है। इसका ईरान-अमेरिका के बीच हालिया घटनाक्रम से कुछ लेना देना नहीं है।
Created On :   11 July 2026 12:14 AM IST











