PIB Fact Check: क्या सिर्फ 22 हजार के निवेश पर हर महीने मिलेंगे 20 लाख रुपये? जानें वायरल दावे का सच

क्या सिर्फ 22 हजार के निवेश पर हर महीने मिलेंगे 20 लाख रुपये? जानें वायरल दावे का सच
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें हर महीने 30 लाख रूपये कमाने का दावा किया जा रहा है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सोशल मीडिया पर आए दिन कई तरह की खबरें वायरल होती रहती हैं, इनमें कुछ सच होती हैं तो कुछ फर्जी। ये खबरें मैसेज, ऑडियो या फिर वीडियो के जरिए फेसबुक, एक्स समेत कई प्लेटफॉर्मों पर वायरल होती हैं। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें हर महीने 30 लाख रूपये कमाने का दावा किया जा रहा है।

पड़ताल

भारत सरकार की एजेंसी पीआईबी फेक्ट चेक ने वायरल वीडियो में किए गए दावे को धोखाधड़ी बताया है। एजेंसी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, 'फेसबुक पर एक स्पॉन्सर्ड विज्ञापन में AI से बना एक वीडियो घूम रहा है। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को गलत तरीके से एक ऐसी इन्वेस्टमेंट स्कीम का समर्थन करते हुए दिखाया गया है, जिसमें सिर्फ़ ₹22,000 के शुरुआती निवेश पर हर महीने ₹30 लाख कमाने का दावा किया जा रहा है।'

PIB फैक्ट चेक ने बताया कि वीडियो एआई का इस्तेमाल करके बनाया गया है। न तो केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और न ही भारत सरकार ने ऐसी किसी इन्वेस्टमेंट स्कीम या प्लेटफ़ॉर्म का समर्थन, उसे मंज़ूरी या उसका प्रचार किया है।

एजेंसी ने बताया कि स्कैमर्स अक्सर लोगों को धोखाधड़ी वाली इन्वेस्टमेंट स्कीम में फंसाने के लिए AI से बने वीडियो, झूठे समर्थन और बहुत ज़्यादा मुनाफ़े के वादों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसी निवेश स्कीम पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक सोर्स से उनके बारे में जानकारी प्राप्त करें।

ऐसे कराएं फैक्ट चेक

अगर आपके पास भी इस तरह की कोई जानकारी मैसेज, वीडियो या फिर ऑडियो के जरिए आती है उस पर सीधे भरोसा न करें। आप उसकी सच्चाई जानने के लिए पीआईबी की मदद ले सकते हैं। इसके लिए आपको पीआईबी के ऑफिशियल वेबसाइट https://factcheck.pib.gov.in/ पर विजिट करना होगा। इसके अलावा आप वाट्सएप नंबर +918799711259 या ईमेल आईडी pibfactcheck@gmail.com पर भी मैसेज या वीडियो भेज कर फैक्ट चेक करा सकते हैं।

Created On :   4 Aug 2026 11:04 PM IST

Tags

Next Story