Goa Stampede: गोवा के शिरगांव में धार्मिक यात्रा के दौरान मची भगदड़, 7 की मौत, 30 लोग जख्मी, घायलों से अस्पताल मिलने पहुंचे सीएम

गोवा के शिरगांव में धार्मिक यात्रा के दौरान मची भगदड़, 7 की मौत, 30 लोग जख्मी, घायलों से अस्पताल मिलने पहुंचे सीएम
  • शिरगांव में मची भगदड़
  • घायलों की हालत गंभीर
  • पीएम मोदी ने की सीएम सावंत से फोन पर बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गोवा से हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। शिरगांव में लैराई 'जात्रा' के दौरान भगदड़ मच गई जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जख्मियों को फौरन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। भगदड़ मचते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे और लोगों का हाल-चाल लिया।

क्यों हुई भगदड़?

फिलहाल भगदड़ के पीछे की वजह आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। हालांकि, कहा जा रहा है कि भीड़ ज्यादा होने की वजह से यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान सुरक्षा बरकरार रखने के लिए लगभग एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती हुई थी। निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही थी। इतना ही नहीं बल्कि शुक्रवार को सीएम सावंत, उनकी पत्नी सुलक्षणा, राज्यसभा सांसद सदानंद शेट तनावड़े और विधायक प्रेमेंद्र शेट और कार्लोस फरेरा ने भी यात्रा का दौरा किया था।

सीएम पहुंचे अस्पताल

शिरगांव भगदड़ पर गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि अस्पताल ले जाने से पहले 6 लोगों की मौत हो गई थी। मैं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गया, जहां 2 लोगों के शव रखे गए हैं। घायलों का अच्छा इलाज किया जा रहा है। मैंने जिला अस्पताल का भी दौरा किया, जहां 10 लोग भर्ती हैं। बाकी का गोवा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। पीएम मोदी ने घटना के बारे में मुझसे बात की और स्थिति का जायजा लिया और केंद्र से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर करेंगे घटना की जांच

सीएम ने जानकारी दी कि एसपी नॉर्थ और कलेक्टर घटना की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद मैं मौके पर गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हर साल 50,000 से ज्यादा लोग जात्रा में हिस्सा लेते हैं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम घायलों के इलाज का खर्च उठा रहे हैं। एसपी नॉर्थ और कलेक्टर घटना की जांच कर रहे हैं। हम राज्य में अगले 3 दिनों के लिए सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं।

Created On :   3 May 2025 8:56 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story