बड़ा दर्दनाक हादसा: आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में लगी भीषण आग, 20 यात्री जिंदा जले, राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के कुरनूल में हैदराबाद से बेंगलूरू जा रही कावेरी ट्रैवल्स की एक बस में भीषण आग लगी, जिसमें 20 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मदद का आश्वासन दिया। सवारियों से भरी बस में भीषण आग कुरनूल के उपनगर चिन्नातेकुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर आज तड़के सुबह 3 बजे से 3 बजकर दस मिनट के बीच लगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे के बाद शोक जताते हुए कहा, कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुर गांव के पास हुई भीषण बस आग दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। सरकारी अधिकारी घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 19 यात्री, दो बच्चे और दो ड्राइवर दुर्घटना में बच गए है। बचे लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने 11 शवों की पहचान कर ली है, अन्य की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से बस का दरवाजा जाम हो गया और चंद मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
कुरनूल जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच ईधन रिसाव से हुई और आग लग गई, बताया जा रहा है कि बस में ईधन रिसाव एक बाइक के टकरा जाने से हुआ।
Created On :   24 Oct 2025 9:11 AM IST












