Piyush Pandey News: नहीं रहे एड गुरु पीयूष पांडे, 70 की उम्र में ली अंतिम सांस, 'अबकी बार मोदी सरकार' का दिया था नारा

नहीं रहे एड गुरु पीयूष पांडे, 70 की उम्र में ली अंतिम सांस, अबकी बार मोदी सरकार का दिया था नारा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन एडवरटाइजिंग इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। एड गुरु पीयूष पांडे ने 70 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका गुरुवार को मुंबई में निधन हुआ। पीयूष पांडे ने 'अबकी बार मोदी सरकार' और 'ठंडा मतलब कोका कोला' सहित कई मशहूर नारे दिए थे। आपको बता दें कि, अब तक एड गुरु के निधन की वजह सामने नहीं आई है।

पीयूष पांडे का जन्म 1955 में जयपुर में हुआ था। उनके 9 भाई-बहन थे। इनमें से 7 सात बहनें और 2 भाई शामिल थे। पीयूष पांडे ने कई सालों तक क्रिकेट भी खेला था। पीयूष जब 27 साल के थे तब उन्होंने विज्ञापन जगत में अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 1982 में विज्ञापन कंपनी ओगिल्वी के साथ काम प्रारंभ किया। इसके बाद 1994 में पांडे को ओगिल्वी के बोर्ड में भी नॉमिनेट किया गया। बड़ी बात तो यह है कि पीयूष पांडे को साल 2016 में पद्मश्री से नवाजा गया।

सोहेल सेठ ने जताया दुख

व्यवसायी सोहेल सेठ ने पीयूष पांडे के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा- मेरे सबसे प्यारे दोस्त पीयूष पांडे जैसे जीनियस के खोने से मैं बहुत ज्यादा दुखी और टूट गया हूं। भारत ने न सिर्फ एक महान एडवरटाइजिंग माइंड खोया है, बल्कि एक सच्चा देशभक्त और एक बहुत अच्छा इंसान भी खो दिया है। अब स्वर्ग में 'मिले सुर मेरा तुम्हारा' पर डांस होगा।

केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी पांडे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि पद्म श्री पीयूष पांडे के निधन पर अपनी उदासी ज़ाहिर करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। एडवरटाइजिंग की दुनिया में एक महान हस्ती, उनकी क्रिएटिव जीनियस ने कहानी कहने के तरीके को फिर से परिभाषित किया, और हमें यादगार और हमेशा याद रहने वाली कहानियां दीं। मेरे लिए, वह एक ऐसे दोस्त थे जिनकी चमक उनकी सच्चाई, गर्मजोशी और हाज़िरजवाबी में दिखती थी। मैं हमेशा उनके साथ हुई अपनी दिलचस्प बातचीत को याद रखूंगा। वह अपने पीछे एक गहरा खालीपन छोड़ गए हैं जिसे भरना मुश्किल होगा। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति!

Created On :   24 Oct 2025 10:49 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story