व्यापार विवाद पर वार्ता: अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से चल रहा व्यापार विवाद अब सुलह की राह पर

- अमेरिका-चीन ने टैरिफ को 90 दिनों के लिए घटाया था
- ट्रंप के बयान के बाद चीन और अमेरिका के बीच विवाद बढ़ा
- यूएस-चीन के बीच लंदन में हुई व्यापार वार्ता
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और चीन के बीच लंदन में व्यापार वार्ता हुई। इस वार्ता से सुलह के नए आयाम खुले है। दोनों देश समझौता करने पर सहमत हो गए हैं। चीनी मीडिया ने कहा कि अमेरिका और चीन व्यापार विवादों को सुलझाने के लिए समझौते को क्रियान्वित करने के लिए एक गाइडलाइन्स पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने भी पिछले गुरुवार को चीनी नेता शी जिनपिंग से फोन पर लंबी बातचीत की और संबंधों को सुधारने पर फोकस किया। ट्रंप ने ही सोशल मीडिया के जरिए यूएस और चीन की लंदन में होने वाली व्यापारिक वार्ता के बारे जानकारी दी। इससे पहले ट्रंप ने ओवल ऑफिस में समाधान निकालने की बात कही थी।
लंदन में दो दिनों की वार्ता के समापन के बाद यह खुलासा हुआ है। चीनी सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार वाणिज्य उपमंत्री और चीन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधि ली चेंगगांग ने कहा कि दोनों पक्ष मई में जेनेवा में हुई वार्ता में दोनों नेताओं के बीच बनी सहमति को क्रियान्वित करने के लिए एक निर्धारित रूपरेखा पर सहमती बनी।
आपको बता दें ट्रंप के बयान के बाद चीन और अमेरिका के बीच विवाद बढ़ा। ट्रंप ने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि 'बुरी खबर यह है कि चीन ने हमारे साथ अपने समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन किया है, जो कुछ लोगों के लिए चौंकाने वाली बात नहीं है। अब 'मिस्टर नाइस गाइ' बनने की जरूरत नहीं है।
अमेरिका और चीन के बीच जेनेवा में हुई बैठक में दोनों देशों ने एक-दूसरे पर लगाए गए टैरिफ को 90 दिनों के लिए घटा दिया था। अमेरिका ने चीनी सामान पर टैरिफ को 145 प्रतिशत से घटाकर 30 प्रतिशत कर दिया था। वहीं, चीन ने भी अमेरिकी सामान पर अपने करों को 125 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया था।
ली और चीन के वाणिज्य मंत्री वांग वेंटाओ, उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। उन्होंने बकिंघम पैलेस के पास 200 साल पुरानी हवेली लैंकेस्टर हाउस में अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक, ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट और व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की। लुटनिक ने मंगलवार को कहा था कि वार्ता अच्छी चल रही है तथा उन्हें उम्मीद है कि यह पूरे दिन जारी रहेगी।
Created On :   11 Jun 2025 1:22 PM IST