Middle East Tension: 'ईरान को नहीं बनाने दिए जाएंगे परमाणु हथियार', ट्रंप की सख्त चेतावनी, कहा- दुनिया के लिए बड़ा खतरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर कड़ी बात कही है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान को किसी भी हालत में परमाणु हथियार नहीं बनाने दिए जाएंगे। उनका मानना है कि इससे पूरी दुनिया के लिए खतरा बढ़ सकता है। ट्रंप ने ईरान के नेताओं की भी आलोचना की और बातचीत पर असंतोष जताया। इस बीच मिडिल ईस्ट में हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं। तेल, सुरक्षा और राजनीति- तीनों पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है।
परमाणु हथियार पर सख्त चेतावनी
ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं दिए जा सकते। उनका मानना है कि अगर ईरान के पास ऐसा हथियार आया तो वह पहले इजरायल पर हमला कर सकता है। उन्होंने इसे पूरी दुनिया के लिए बड़ा खतरा बताया। ट्रंप ने साफ कहा कि इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा। उनका लक्ष्य है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह रोका जाए, ताकि भविष्य में खतरा न बढ़े।
बातचीत और सैन्य विकल्प
ट्रंप ने कहा कि ईरान से बातचीत चल रही है, लेकिन वह खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि ईरान ऐसी शर्तें रख रहा है, जिन्हें अमेरिका मान नहीं सकता। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के पास बातचीत या कार्रवाई करने के दो ही रास्ते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे बड़ा हमला नहीं करना चाहते। उनका फोकस एक ऐसी डील पर है जिससे समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सके।
होर्मुज और बढ़ता वैश्विक संकट
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बहुत अहम समुद्री रास्ता है जहां से दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल और गैस जाता है। इस इलाके में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। कई देशों की अर्थव्यवस्था पर इसका असर पड़ रहा है।
Created On :   2 May 2026 11:03 AM IST














