Yemen-Saudi Arabia conflict: हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब के तेल ठिकानों पर हमला, अरामको ऑयल फैसिलिटी पर दागी बैलिस्टिक मिसाइलें

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। यमन के हूती विद्रोहियों ने शनिवार को सऊदी अरब के तेल ठिकानों पर हमला किया। उनकी ओर से सऊदी अरब के जजान स्थित सऊदी अरामको रिफाइनरी पर 3 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने का दावा किया गया। बता दें कि जजान रिफाइनरी सऊदी की पांचवी सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी है।
इस रिफाइनरी की क्षमता हर रोज करीब 4 लाख बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की है। लाल सागर के किनारे पर स्थित होने की वजह से यह सऊदी अरब के तेल निर्यात नेटवर्क का अहम हिस्सा है।
हूतियों के हमला करने की वजह
हाल ही में सऊदी अरब ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हमले किए थे। इन्हीं के जवाब में हूतियों ने सऊदी के एनर्जी एन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने का दावा किया।
इस हवाई हमले के बाद रिफाइनरी में भीषण आग लग गई, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, अभी तक सऊदी अरब सरकार और अरामको ने रिफाइनरी पर मिसाइल हमला होने या फिर कोई बड़ा नुकसान होने की बात नहीं कही है।
यह भी पढ़े -लाल सागर में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की अफ्रीकी संघ ने की निंदा, हूती समूहों से कार्रवाई रोकने की अपील
आग लगने के बाद यानबू व जजान एयरपोर्ट पर परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मीडियारिपोर्ट्स के मुताबिक, 'होदेदा में सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद हूती विद्रोहियों ने चेतावनी दी थी कि यदि सऊदी अरब उनके नियंत्रण वाले इलाकों पर हमला करता है, तो वे इसका जवाब देंगे।' उन्होंने चेतावनी दी थी कि वे लाल सागर में तेल टैंकरों और कमर्शियल शिपिंग के अलावा सऊदी अरामको की फैसिलिटी, एयरपोर्ट, एयरबेस और तेल पाइपलाइनों को निशाना बनाएंगे।
Created On :   25 July 2026 9:54 PM IST











