Middle East Tension: ट्रंप की धमकी पर भड़का ईरान, अराघची ने दी 'आंख के बदले आंख' वाली चेतावनी, बोले- हमला हुआ तो मिलेगा करारा जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमला हुआ तो अमेरिका उसके पुल और बिजली घरों को निशाना बना सकता है। इस बयान पर ईरान ने भी कड़ा जवाब दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि देश पर किसी भी तरह का हमला हुआ तो उसका जवाब जरूर दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि ईरान अपने जरूरी ठिकानों की सुरक्षा करेगा। दोनों देशों के इन बयानों के बाद इलाके में तनाव और बढ़ने की आशंका है।
Our defense doctrine is clear: eye for an eye.Any aggression against Iran, including our infrastructure, will compel a powerful and decisive response.Those who contribute to such aggression, whatever the kind of support, will also be considered as legitimate targets.— Seyed Abbas Araghchi (@araghchi) July 22, 2026
ईरान ने कहा- हमले का मिलेगा जवाब
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के पुल, बिजली घर या दूसरे जरूरी ठिकानों को नुकसान पहुंचाया गया तो इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले में मदद करने वाले पक्ष भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने देश पर होने वाली किसी भी सैन्य कार्रवाई को नजरअंदाज नहीं करेगा।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी दी चेतावनी
ईरान की सैन्य कमान पहले भी अमेरिका को चेतावनी दे चुकी है। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने कहा है कि देश के जरूरी ठिकानों पर हमला होने की स्थिति में होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आवाजाही पर असर पड़ सकता है। ईरान का कहना है कि इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों के लिए नियम तय किए जा सकते हैं। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया में तेल की सप्लाई के लिए बेहद अहम समुद्री रास्ता है। यहां तनाव बढ़ने से कई देशों पर असर पड़ सकता है।
ट्रंप ने दी थी पुल और पावर प्लांट पर हमले की धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में किसी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या दूसरे हथियार से हमला करता है तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने ईरान के किसी पुल या पावर प्लांट को निशाना बनाने की बात कही थी। इसके बाद ईरान की तरफ से भी सख्त बयान सामने आया। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसी कार्रवाई का असर क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी देशों पर भी पड़ सकता है।
Created On :   23 July 2026 9:36 AM IST








