अमेरिका का 'टैरिफ बम' हुआ फुस्स!: ट्रंप के 25 प्रतिशत वाले दांव की काट में पुतिन का भारत को खास ऑफर, रूस से तेल खरीदने पर मिलेगा ये बड़ा फायदा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर रूस से तेल खरदीने के बदले 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का दांव उल्टा पड़ गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को भारत को तेल खरीदने पर पांच प्रतिशत डिस्काउंट देने की घोषणा की है। दरअसल, ट्रंप के 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने के बाद से भारत रूस से आवश्यकता के अनुसार तेल खरीद रहा था। हालांकि, अब ट्रंप के इस फैसले के खिलाफ पुतिन ने भारत को तेल खरदीने पर 5 प्रतिशत डिस्काउंट दे दिया है।
पुतिन का भारत को तेल खरीदने पर ऑफर
इस बारे में रूस के भारत में उप-व्यापार प्रतिनिधि एवगेनी ग्रिवा ने कहा, "भारत को रूसी कच्चे तेल की खरीद पर 5 प्रतिशत की छूट रहेगी, जो बातचीत के आधार पर तय होगी।" ग्रिवा ने कहा, "राजनीतिक स्थिति के बावजूद भारत लगभग उसी स्तर का तेल आयात करता रहेगा।" उन्होंने यह भी बताया कि यह छूट कमर्शियल सीक्रेट है। आमतौर पर यह व्यापारियों के बीच संवाद पर आधारित होता है और लगभग 5% के आसपास रहता है।
ग्रिवा के अलावा रूस के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन रोमन बाबुशकिन ने बयान दिया। उन्होंने बताया कि हालात चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन "हमारे संबंधों पर भरोसा है।" बाबुशकिन ने आगे कहा, "हम सुनिश्चित हैं कि बाहरी दबाव के बावजूद भारत-रूस ऊर्जा सहयोग जारी रहेगा।"
अमेरिका ने भारत पर लगाया ये आरोप
वहीं, दूसरी ओर अमेरिका ने भारत पर रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध को वित्तपोषित करने का आरोप लगाया है। अमेरिका ने भारत पर रूस से तेल खरीदने के लिए 50% शुल्क लगाया है। व्हाइट हाउस के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने कहा, "भारत रूस के तेल का वैश्विक क्लियरिंगहाउस की तरह कार्य करता है, प्रतिबंधित कच्चे तेल को उच्च-मूल्य के निर्यात में बदलता है और मॉस्को को डॉलर मुहैया कराता है।"
बता दें, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को धमकी देते हुए कहा था कि अगर यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया तो वह मॉस्कों पर भी प्रतिबंध लगाएंगे। उन्होंने कहा था कि उन देशों पर भी प्रतिबंध लगाए जाएंगे, जो उसका तेल खरीदते हैं। बता दें कि चीन और भारत रूसी तेल के सबसे बड़े खरीदार हैं।
Created On :   20 Aug 2025 7:01 PM IST