Russian Crude Oil: भारत को अमेरिका से रूसी तेल खरीदने की मिली इजाजत आज होगी खत्म, इस संबंध में लावरोव ने PM मोदी और जयशंकर से की चर्चा

भारत को अमेरिका से रूसी तेल खरीदने की मिली इजाजत आज होगी खत्म, इस संबंध में लावरोव ने PM मोदी और जयशंकर से की चर्चा
अमेरिका ने भारतीय रिफायनरियों को 16 मई, 2026 तक रूसी तेल खरीदने की रियायत दी थी, जो आज (शनिवार) को खत्म हो रही है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार एक बयान जारी किया था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने भारतीय रिफायनरियों को 16 मई, 2026 तक रूसी तेल खरीदने की रियायत दी थी, जो आज (शनिवार) को खत्म हो रही है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार एक बयान जारी किया था, जिसमें उनका कहना था कि इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से चर्चा की है। इस दौरान 'रूसी ऊर्जा सप्लाई बढ़ाने' का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

रूसी विदेश मंत्री ने क्या बताया?

दो दिवसीय ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए नई दिल्ली पहुंचे लावरोव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरुवार को उनकी पीएम मोदी से इस मुद्दे पर बातचीत हुई। वहीं, जयशंकर के साथ ब्रिक्स मीटिंग से अलग चर्चा की गई।

इन मुद्दों पर जताई सहमति

सर्गेई लावरोव कहते हैं, "हमने राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुई शिखर बैठकों में तय हमारी विशेष रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की। हमने परिवहन सहयोग और निवेश सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई, जिसमें अंतरराष्ट्रीय परिवहन गलियारे का विकास भी शामिल है।" उन्होंने आगे कहा, "हमने प्रत्यक्ष आपसी भुगतान व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा की। साथ ही रूसी ऊर्जा, उर्वरकों की बढ़ी हुई सप्लाई और शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग पर भी बात हुई।"

रूसी तेल खरीद पर क्या बोले लावरोव

मीडिया ने उनसे जब भारत के रूसी तेल खरीद में बढ़ोतरी को लेकर सवाल पूछा तो इसके जवाब में लावरोव ने कहा कि इसके आंकड़े सबके सामने है। उन्होंने यह भी कहा, "यह कोई छिपा हुआ आंकड़ा नहीं है। जानकारी साफ दिखाती है कि रूस से भारत को तेल सप्लाई बढ़ी है। यह सिर्फ हम पर निर्भर नहीं करता, बल्कि हमारे भारतीय साझेदारों पर भी निर्भर करता है, जिन्होंने जब भी ऑर्डर दिया, हमने हमेशा हां में जवाब दिया है। इसी तरह हम आगे बढ़ रहे हैं।"

Created On :   16 May 2026 1:14 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story