Iran-US Tension: ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं 7 बड़ी शर्तें, जंग खत्म करने के लिए ट्रंप के जवाब का इंतजार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग को लेकर एक बार फिर बातचीत की कोशिश शुरू हो गई है। ईरान ने अमेरिका के सामने बातचीत शुरू करने के लिए सात शर्तें रखी हैं। ये शर्तें कतर के जरिए अमेरिका तक पहुंचाई गई हैं। ईरान के सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रेजाई ने कहा है कि अब तेहरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जवाब का इंतजार कर रहा है। ईरान ने साफ किया है कि वह बातचीत के रास्ते से समस्या खत्म करना चाहता है लेकिन अगर उसकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह आगे की लड़ाई के लिए भी तैयार है। रेजाई के मुताबिक, ईरान ने अपनी सैन्य तैयारी में भी बदलाव किया है।
बातचीत के लिए ईरान की प्रमुख शर्तें
मोहसिन रेजाई ने बताया है कि ईरान की मांगों में सबसे अहम मुद्दा लड़ाई रोकने का है। इसके अलावा विदेशों में रोके गए ईरानी पैसों को वापस किया जाए और अमेरिका की समुद्री नाकेबंदी हटाई जाए। रेजाई ने कहा कि कतर ने ये मांगें अमेरिका तक पहुंचा दी हैं। हालांकि, ईरान ने 7 शर्तों की पूरी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की है।
ट्रंप के जवाब का इंतजार
ईरान ने कहा है कि अब वह अमेरिका की तरफ से जवाब का इंतजार कर रहा है। रेजाई के मुताबिक, अमेरिकी धमकियों से ईरान अपना रुख नहीं बदले वाला है। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर बातचीत से रास्ता निकलता है तो ईरान उस पर आगे बढ़ सकता है। कतर के साथ-साथ पाकिस्तान भी दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू कराने की कोशिश में लगा हुआ है। इससे पहले दोनों देशों के बीच हुआ एक समझौता तय समय के बाद खत्म हो गया था।
यह भी पढ़े -'लस्ट स्टोरीज 3' रिव्यू चार कहानियां, चार अंदाज और रिश्तों की उलझी दुनिया में ढेर सारे ट्विस्ट
बातचीत के साथ युद्ध की तैयारी भी
ईरान ने बातचीत का रास्ता खुला रखा है लेकिन अपनी सेना को भी तैयार रखने की बात कही है। रेजाई ने दावा किया कि ईरान ने हाल में अमेरिकी नौसैनिक ठिकानों के आसपास इस्तेमाल होने वाली मिसाइल का परीक्षण किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर अमेरिका की तरफ से फिर हमला होता है तो ईरान उसका जवाब देने के लिए तैयार है।
Created On :   20 Sept 2026 10:26 AM IST












