Israel-Hamas War: इजरायली सेना ने गाजा में की एयर स्ट्राइक, हमास के दो कमांडरों को ढेर करने का किया दावा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ जारी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है। इजरायली सेना का कहना है कि गाजा में एयर स्ट्राइक कर उसने हमास के दो कमांडरों को मार गिराया है। दोनों ही उसके सैनिकों के लिए खतरा थे, जिसके चलते ये एक्शन लिया गया।
आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "गाजा पट्टी में दो अलग-अलग हमलों में इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने हमास के प्रोडक्शन मुख्यालय के एक कमांडर और नुसेरात बटालियन के एक कमांडर को मार गिराया।''
यह भी पढ़े -सीजफायर खत्म होने के बाद अमेरिका-ईरान के बीच फिर शुरू हुई जंग, इजरायल ने क्यों बनाई दूरी? क्या है रणनीति!
इन कमांडरों को मारने का किया दावा
आईडीएफ ने बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में उत्तरी गाजा पट्टी में किए गए एक हमले में हमास की सैन्य शाखा के प्रोडक्शन मुख्यालय के कमांडर खलील जमाल खलील माना को मार गिराया गया। आईडीएफ के मुताबिक पूरे युद्ध के दौरान माना रॉकेट लॉन्चर बनाने वाली वर्कशॉप्स का नेतृत्व करता था और उनके निर्माण के आखिरी चरण की जिम्मेदारी संभालता था। इसके अलावा, वह प्रोडक्शन हेडक्वार्टर के कामकाज और प्रोडक्शन प्रोसेस में एक अहम कमांडर था।
यह भी पढ़े -राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली पीएम के बीच फोन पर हुई वार्ता, अलग-अलग मोर्चों पर तालमेल बनाए रखने पर सहमति
आईडीएफ के अनुसार, सीजफायर के दौरान उसने इस हेडक्वार्टर को फिर से एक्टिव करने की कोशिशों में भी हिस्सा लिया। आईडीएफ ने यह भी कहा कि गुरुवार को उत्तरी गाजा पट्टी में किए गए एक और हमले में हमास की नुसेरात बटालियन के प्लाटून कमांडर ओसामा वलीद दियाब मुहराब को मार गिराया गया।
आईडीएफ के मुताबिक, हाल के दिनों में मुहराब के पास ऐसे विस्फोटक थे, जिनका इस्तेमाल गाजा पट्टी में तैनात आईडीएफ सैनिकों पर हमला करने के लिए किया जाना था। दोनों इजरायली सेना के लिए खतरा थे, इसलिए उस खतरे को खत्म करने के लिए उन पर हवाई हमला किया गया।
Created On :   11 July 2026 2:16 AM IST













