सऊदी अरब: किरेन रिजिजू सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचे, हज यात्रा को लेकर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर होगी चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मोदी सरकार में शामिल केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचे। रिजिजू यात्रा के दौरान सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री तौफीक अल-रबिया से बातचीत करेंगे। दोनों मंत्रियों के बीच होने वाली चर्चा में हज यात्रियों की संख्या बढ़ाने, ई-वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने और मक्का-मदीना में भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं पर फोकस होगा।
रिजिजू की इस विदेश यात्रा का मुख्य मकसद सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर साइन करना और हज 2026 की तैयारियों की समीक्षा करना है। हज 2025 के सफल आयोजन के बाद अब 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें कोविड के बाद की चुनौतियों और डिजिटल सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी यात्रा की जानकारी साझा करते हुए लिखा, "सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करने और हज 2026 की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए जेद्दा, सऊदी अरब पहुंचे। सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत फहद सूरी ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया।
रिजिजू की यात्रा को भारत और सऊदी अरब के बीच धार्मिक एवं कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आपको बता दें हर साल लाखों भारतीय मुस्लिम हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाते हैं, द्विपक्षीय समझौता से यात्रा में आसानी होगी। मिली जानकारी के अनुसार दोनों देशों के बीच होने वाले समझौते के तहत हज कोटे, यात्रियों की सुविधाएं, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाती है।
Created On :   8 Nov 2025 12:02 PM IST












