America News: नहीं रहे डोनाल्ड ट्रंप के करीबी अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम, जानें उनका राजनीतिक सफर

नहीं रहे डोनाल्ड ट्रंप के करीबी अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम, जानें उनका राजनीतिक सफर
अमेरिका के वरिष्ठ रिपब्लिकन नेता और सीनेटर लिंडसे ग्राहम का 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने सेना, कानून और राजनीति में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के वरिष्ठ रिपब्लिकन नेता और सीनेटर लिंडसे ग्राहम का 71 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जाि रहा है कि शनिवार शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई जिसके बाद उनकी मौत हो गई। उनके कार्यालय ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी। परिवार ने लोगों से प्रार्थना करने के लिए धन्यवाद कहा और निजी समय का सम्मान करने की अपील की। ग्राहम कई सालों तक अमेरिकी राजनीति का बड़ा चेहरा रहे। विदेश नीति, सुरक्षा और कानून से जुड़े कई अहम मामलों में उनकी मजबूत भूमिका रही। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी उनके अच्छे संबंध माने जाते थे।

लंबे समय तक रहे अमेरिकी सीनेटर

लिंडसे ग्राहम साल 2003 से साउथ कैरोलिना की ओर से अमेरिकी सीनेट के सदस्य थे। इससे पहले वह कई साल तक अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में भी रहे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई बड़ी समितियों में काम किया। कानून, सुरक्षा और देश से जुड़े फैसलों में उनकी राय को काफी महत्व दिया जाता था।

निधन से पहले भी थे सक्रिय

निधन से एक दिन पहले ग्राहम यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे थे। वहां उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन की सुरक्षा और रूस से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्राहम का मानना था कि रूस पर दबाव बढ़ाने और यूक्रेन की मदद करने से बातचीत का रास्ता खुल सकता है।

जन्म, पढ़ाई और करियर

लिंडसे ग्राहम का जन्म 9 जुलाई 1955 को साउथ कैरोलिना के सेंट्रल शहर में हुआ था। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ कैरोलिना से पढ़ाई की। इसके बाद अमेरिकी वायुसेना और एयर फोर्स रिजर्व में सेवा दी। राजनीति में आने से पहले उन्होंने कानूनी और सैन्य क्षेत्र में भी काम किया। लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

Created On :   12 July 2026 1:36 PM IST

Tags

Next Story