रिश्तों में सुधार: मालदीव ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ को ग्लोबल टूरिज्म का एम्बेसडर बनाया

मालदीव ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ को ग्लोबल टूरिज्म का एम्बेसडर बनाया
  • भारतीय और मालदीव के रिश्तों में सुधार
  • भारत और मालदीव समुद्री सीमा साझा करने वाले पड़ोसी देश
  • कैटरीना की लोकप्रियता दुनियाभर के पर्यटकों को मालदीव के प्रति आकर्षित करेगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मालदीव ने बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ को ग्लोबल टूरिज्म एम्बेसडर बनाया है। मालदीव की मार्केटिंग एंड पब्लिक रिलेशंस कॉपोरेशन (एमएमपीआरसी) ने इसकी घोषणा की। इस घोषणा को मालदीव -भारत के संबंधों में सुधार के तौर पर देखा जा रहा है। मालदीव से बॉलीवुड के लिए यह बड़ी खुशखबरी रही। भारत और मालदीव समुद्री सीमा साझा करने वाले पड़ोसी देश हैं।

एमएमपीआरसी के मैनेजिंग डायरेक्ट तैयब मोहम्मद के मुताबिक कैटरीना की लोकप्रियता दुनियाभर के पर्यटकों को मालदीव के प्रति आकर्षित करेगी। आपको बता दें मालदीव के कुछ मंत्रियों ने पीएम मोदी और लक्षद्वीप के द्वीपों को लेकर कुछ विवादित टिप्पणी कर दी थी, जिससे दोनों देशों के बीच रिश्तों में खटास पैदा हो गई।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने इंडिया-आउट अभियान चलाया, साथ ही मुइज्जू का चीन के साथ संबंधे गहरे होने लगे, जिससे भी दोनों देशों के बीच संबंधों में और खटास बढ़ गई। भारत ने मालदीव सरकार के अनुरोध पर 50 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ट्रेजरी बिल को एक और साल के लिए बढ़ाकर बजटीय सहायता दी है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू बीते साल अक्टूबर में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आए थे। नवंबर 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली यात्रा थी।

मालदीव के राष्ट्रपति ने भारत की वित्तीय सहायता के लिए आभार जताया था। मालदीव के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा था,यात्रा का एक महत्वपूर्ण परिणाम 'व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी के लिए विजन' को अपनाना था, जो विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों का मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने भारत को उसके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

Created On :   11 Jun 2025 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story