4 दिवसीय दौरा: म्यांमार पहुंचे भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल, समुद्री सहयोग और रक्षा संबंधों पर होगी चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी चार दिवसीय दौरे पर म्यांमार पहुंचे है। उनका दौरा 2 मई से 5 मई तक है। इस दौरान वे भारत की समुद्री रणनीति को मजबूत करने के लिए म्यांमार के शीर्ष सैन्य और नौसेना अधिकारियों से चर्चा करेंगे। नौसेना चीफ की म्यांमार यात्रा का मकसद भारत और म्यांमार के बीच समुद्री सहयोग और रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत करना है। हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा चुनौतियों के बीच नौसेना चीफ का ये दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों देश नियमित रूप से संयुक्त अभ्यास करते हैं जैसे IMNEX और IMCOR।। पोर्ट विजिट और हाइड्रोग्राफी सर्वे में भी सहयोग होता है।
दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर चर्चा होगी। दोनों देशों का ऑपरेशनल स्तर पर तालमेल बढ़ाने पर जोर रहेगा, साथ ही नई साझेदारी और सहयोग के नए रास्ते तलाशे जाएंगे। ट्रेनिंग, क्षमता बढ़ाने और सुरक्षा सहयोग पर विशेष फोकस रहेगा। भारत की क्षेत्रीय रणनीति को मजबूती मिलेगी। हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग बढ़ेगा। यह दौरा दिखाता है कि भारत समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर है।
म्यांमार के सेना प्रमुख जनरल ये विन ऊ ,रक्षा मंत्री जनरल यू हटुन आंग ,म्यांमार नौसेना प्रमुख एडमिरल ह्टीन विन के साथ बैठक होगी जिसमें रणनीतिक और सुरक्षा मुद्दों पर बातचीत होगी। इसके साथ भारतीय नौसेना प्रमुख म्यांमार नौसेना के सेंट्रल नेवल कमांड का दौरा करेंगे , नेवल ट्रेनिंग कमांड और नंबर-1 फ्लीट का निरीक्षण करेंगे। उनके द्वारा शहीद सैनिकों के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। दोनों देशों के संबंधों को लेकर बात की जाए तो म्यांमार कई अंतरराष्ट्रीय नौसेना कार्यक्रमों में हिस्सा लेता रहा है। दोनों देश एक साथ मिलकर समुद्री सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। इस दौरे से दोनों देशों के रिश्ते और अधिक मजबूत होंगे।
Created On :   2 May 2026 5:52 PM IST












