अमेरिका: न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम और पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर होंगे 34 वर्षीय जोहरान ममदानी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में 34 वर्षीय जोहरान ममदानी को जीत हासिल हुई है। इसी जीत के साथ वे न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम और पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर बने। ममदानी की कहानी फिल्मी सफर की तरह है, आपको बता दें जोहरान के माता -पिता भारतीय मूल के हैं, उनका जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था। जोहरान की मां मीरा नायर एक मशहूर फिल्म निर्माता हैं, जिन्होंने 'मानसून वेडिंग', 'द नेमसेक' और 'मिसिसिपी मसाला' जैसी अंतरराष्ट्रीय मूवियों का निर्देशन किया है। उनके पिता महमूद ममदानी कोलंबिया विश्वविद्यालय में मानव विज्ञान के प्राध्यापक हैं।
मामदानी की वाइफ रमा दुवाजी एक सीरियाई-अमेरिकी कलाकार हैं। रमा पेशे से इलस्ट्रेटर और डिजाइनर हैं। उनकी कई कलाकृतियां द न्यूयॉर्कर, बीबीसी, एपल, वॉशिंगटन पोस्ट और वाइस जैसी नामी संस्थाओं में पब्लिश हो चुकी हैं। रमा सिरामिक कला में रूची रखती है, एक डेटिंग ऐप पर दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। साल 2024 के आखिर में दुबई में उनकी सगाई हुई और 2025 की शुरुआत में न्यूयॉर्क सिटी क्लर्क ऑफिस में दोनों ने शादी कर ली।
7 साल की उम्र में जोहरान अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क आ गए थे। उन्होंने 2014 में बोउडिन कॉलेज, मेन से अफ्रीकाना स्टडीज में उपाधि ली। क्वींस में रहकर उन्होंने वहां के स्थानीय लोगों के लिए सामाजिक सेवा में काम किए और यहीं से जोहरान ने राजनीति में उतरें। राजनीति में जोहरान का असली आगाज 2020 में हुआ, जब वो न्यूयॉर्क विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। क्वींस के एस्टोरिया इलाके से विधायक बनने के बाद जोहरान ने बसों को मुफ्त करने की योजना लागू करवाई और इजराइल की बस्तियों को समर्थन देने वाले संगठनों पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी रखा। उनके विरोधी अनुभवहीन कहकर उनकी आलोचना करते रहे। आपकी जानकारी के लिए बता दें जोहरान कभी स्थानीय हिपहॉप सिंगर भी रहे हैं। वो 'यंग कार्डेमम' और बाद में 'मिस्टर कार्डेमम' के नाम से रैप किया करते थे। उनके एक गाने 'नानी' ने हाल ही में फिर से लोकप्रियता हासिल की, जो उन्होंने अपनी दादी के सम्मान में बनाया था।
आपको बता दें उम्मीदवारी के समय बहुत ही कम लोग उन्हें जानते थे। लेकिन 25 जून को जोहरान ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी में बड़ी बढ़त हासिल कर ली। बाद में पूर्व गवर्नर कुओमो ने हार स्वीकार कर ली। हालांकि ट्रंप के समर्थन से कुओमो चुनावी मैदान में उतरे। इसके चलते जोहरान का मुकाबला मौजूदा मेयर एरिक एडम्स और कुओमो से तय हो गया। उनके विरोधी उन्हें फिलिस्तीनी मुद्दों का समर्थन करने और गाजा में इजराइली सैन्य कार्रवाई को नरसंहार कहने पर एंटी सेमिटिक कहते है। हालांकि न्यूयॉर्क के करीब 8 लाख मुस्लिम मतदाताओं में उनका रुख लोकप्रिय है। जोहरान का कहना है कि वे पुरानी भ्रष्ट और विवादित राजनीति से अलग हैं।
Created On :   5 Nov 2025 9:31 AM IST












