अब ऑस्ट्रिया में 'बुर्का बैन', मुस्लिमों के निशाने पर सरकार

burqa ban in Austria comes into force
अब ऑस्ट्रिया में 'बुर्का बैन', मुस्लिमों के निशाने पर सरकार
अब ऑस्ट्रिया में 'बुर्का बैन', मुस्लिमों के निशाने पर सरकार

डिजिटल डेस्क, ऑस्ट्रिया। फ्रांस और बेल्जियम के बाद अब ऑस्ट्रिया में भी मुस्लिम महिलाओं के बुर्का या नकाब पहनने पर रोक लगा दी गई है। ऑस्ट्रिया में बुर्का या नकाब के इस्तेमाल को रोकने वाला ये कानून पूरे देश में रविवार यानी 1 अक्टूबर से लागू हो गया है। इसके साथ ही इसका उल्लंघन करने पर जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है। वहीं ऑस्ट्रियाई मुस्लिमों ने सरकार के इस कानून की निंदा की है। 

क्या है नया कानून? 

ऑस्ट्रिया की सरकार की तरफ से लागू किए गए इस नए कानून के मुताबिक, उन सभी चीजों के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी गई है, जिससे चेहरा ढंका जाता है। मुस्लिम महिलाओं के नकाब या बुर्का पहनने के अलावा मेडिकल फेस मास्क और जोकरों के मेकअप पर भी रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही ठंड में किसी भी तरह का स्कार्फ भी नहीं पहना जा सकता। इस कानून को लागू करते हुए सरकार का कहना है कि इसके तहत महिलाओं की ठुड्डी से लेकर माथे तक का चेहरा जरूर दिखना चाहिए। वहीं इस कानून का उल्लंघन कपने पर 150 यूरो का जुर्माना भी लगाया जाएगा। 

क्या होगा इससे फायदा? 

कहा जा रहा है कि सरकार इस कानून को लागू करके अगले महीने होने वाले आम चुनाव में इसका फायदा लेना चाहती है। ऑस्ट्रिया में अगले महीने आम चुनाव होने हैं और ऑस्ट्रिया की राइट विंग पार्टी फ्रीडम पार्टी को इससे फायदा हो सकता है। 

सिर्फ 150 महिलाएं ही पहनती हैं बुर्का

ऑस्ट्रियाई मुसलमानों ने सरकार के इस कानून की निंदा की है और उनका कहना है कि ऑस्ट्रिया में बहुत कम ही ऐसे मुसलमान हैं, जो चेहरा ढंकने के लिए नकाब का इस्तेमाल करते हैं। ऑस्ट्रियाई मीडिया के मुताबिक, देश में करीब 150 ही ऐसी महिलाएं हैं, जो पूरा चेहरा ढंकने वाला नकाब या बुर्का पहनती हैं। वहीं दूसरी तरफ टूरिज़्म डिपार्टमेंट ने भी आशंका जताई है कि इस कानून के कारण खाड़ी देशों से आने वाले टूरिस्टों में कमी आ सकती है। 

फ्रांस और बेल्जियम पहले ही लगा चुके हैं रोक

फ्रांस और बेल्जियम में पहले ही बुर्का या नकाब पहनने पर पूरी तरह से रोक लगी हुई है। दोनों ही देशों ने 2011 में ही बुर्के पर पाबंदी लगा दी थी। जबकि नीदरलैंड्स भी बुर्के पर रोक लगाने का सोच रही है। जर्मन चांसलर एंजेला मार्केल भी नकाब या बुर्का के समर्थन में नहीं है। उनका कहना है कि कानून की मदद से जर्मनी में भी बुर्का या नकाब पर रोक लगनी चाहिए। वहीं ब्रिटेन में इस तरह की कोई रोक नहीं है। 

नकाब और बुर्के में क्या होता है अंतर? 

नकाब एक तरह का कपड़ा या स्कार्फ हो सकता है, जिससे चेहरे को ढंका जाता है। नकाब में आंखों के आस-पास के हिस्से दिखाई देते हैं। चेहरे को और ज्यादा ढंकने के लिए सिर पर अलग से स्कार्फ ओढ़ा जा सकता है। वहीं बुर्का एक पूरा सेट होता है, जो चेहरे और शरीर को ढंकता है। इसे पहनने पर चेहरे का कोई भी हिस्सा नहीं दिखाई देता। इसमें आंखों के पास एक हल्का सा ट्रांसपेरेंट या गेप रहता है, जो सामने देखने में काम आता है। 

Created On :   2 Oct 2017 5:56 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story