हिजाब उतारकर क्यों फेंक रही हैं यहां की महिलाएं?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान में इन दिनों महिलाएं हिजाब उतारकर सड़क पर फेंककर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। पुलिस ने बिना सिर ढांके पब्लिक प्लेस पर घूम रहीं 29 महिलाओं को गिरफ्तार भी किया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, ये महिलाएं 1979 के इस्लामिक रेवॉल्यूशन के बाद महिलाओं के लिए लागू किए इस्लामिक ड्रेस कोड के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। सोशल मीडिया पर भी कई लड़कियां अपना हिजाब उतारकर उसे लहराते हुए अपनी फोटो शेयर कर रही हैं और इसके लिए कैंपेन भी चलाया जा रहा है।
ईरान में लड़कियां क्यों कर रही हैं प्रदर्शन?
दरअसल, पिछले साल दिसंबर में विदा मोहावेद नाम की लड़की को सरकार ने इसलिए गिरफ्तार कर लिया था, क्योंकि उसने अपना हिजाब उतार दिया था। विदा को पिछले रविवार ही जेल से रिहा हुईं हैं और अब ईरान की सैकड़ों महिलाएं उनके सपोर्ट में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर भी "The Girls of Revolution Street" नाम से कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसमें महिलाएं अपना हिजाब उतार इस कानून का विरोध कर रही हैं।
ईरान में हिजाब को लेकर क्या है कानून?
ईरानी धर्म गुरू और 1979 के ईरानी रेवॉल्यूशन के लीडर अयातुल्लाह खुमैनी ने अपने देश में महिलाओं के लिए इस्लामिक ड्रेस कोड लागू करने की घोषणा की थी। जिसके बाद हजारों महिलाओं ने तेहरान शहर में "एंटी हिजाब" रैली निकालकर इसका विरोध किया था। 1983 में इस कानून को पूरे देश में लागू कर दिया था। इस कानून के तहत कोई भी महिला बिना हिजाब के पब्लिक प्लेस पर नहीं आ सकती थी। इस कानून को पूरे देश में सख्ती से लागू किया जाता है। अगर कोई महिला ऐसा नहीं करती है, तो उसे जेल या जुर्माने तक की सजा हो सकती है।
कैसे शुरू हुआ ये सब?
हिजाब के विरोध में इस मुहिम की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में शुरू हुई थी। ईरानी जर्नलिस्ट मसीह अलिनेजाद ने महिलाओं और लड़कियों को बिना हिजाब के अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए मोटिवेट किया था। इसके बाद से देशभर में ऐसे वीडियो और फोटो पोस्ट होने लगे थे। दिसंबर में ही विदा मोहावेद नाम की एक लड़की को बिना हिजाब के घूमने पर गिरफ्तार कर लिया गया। कई महिलाओं को तेहरान की सड़कों पर हिजाब लहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अलिनेजाद ने इसे महिलओं को दबाने वाला बताया है। पुलिस का कहना है कि सरकार के खिलाफ हो रहे इस प्रदर्शन में विदेशी ताकतों का हाथ है।
क्या होता है हिजाब?
हिजाब में बाल, कान, गला और छाती को कवर किया जाता है। इसमें कंधों का कुछ हिस्सा भी ढंका होता है, लेकिन चेहरा दिखता है। हिजाब अलग-अलग कलर का हो सकता है। दुनिया भर में मुस्लिम महिलाएं हिजाब पहनती हैं।
क्या होता है नकाब?
नकाब एक तरह का कपड़ा या स्कार्फ हो सकता है, जिससे चेहरे को ढंका जाता है। नकाब में आंखों के आस-पास के हिस्से दिखाई देते हैं। चेहरे को और ज्यादा ढंकने के लिए सिर पर अलग से स्कार्फ ओढ़ा जा सकता है।
क्या होता है बुर्का?
वहीं बुर्का एक पूरा सेट होता है, जो चेहरे और शरीर को ढंकता है। इसे पहनने पर चेहरे का कोई भी हिस्सा नहीं दिखाई देता। इसमें आंखों के पास एक हल्का सा ट्रांसपेरेंट या गेप रहता है, जो सामने देखने में काम आता है।
Created On :   3 Feb 2018 10:13 AM IST