पाकिस्तानी लड़की का सुषमा को पैगाम, भारतीय लड़के से करूंगी शादी

- सादिया का मानना है कि दोनों देशों के बीच जारी तनाव के कारण उनके परिवार को वीजा नहीं मिल पा रहा है।
- सादिया ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से कहा है कि उसे भारतीय लड़के सैयद से निकाह करना है
- लेकिन उसे भारत का वीजा नहीं मिल रहा है।
- सैयद और सादिया का निकाह 1 अगस्त को होना है।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पाकिस्तान के कराची में रहने वाली एक 25 वर्षीय सादिया भारत के लखनऊ में रहने वाले सैयद को दिल दे बैठी हैं। सादिया ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से कहा है कि उसे भारतीय लड़के सैयद से निकाह करना है, लेकिन उसे भारत का वीजा नहीं मिल रहा है। भारतीय वीजा लेने में असफल सादिया ने अब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। सैयद और सादिया का निकाह 1 अगस्त को होना है।
जानकारी के अनुसार लखनऊ में शादी तय होने के बाद माता-पिता, भाई समेत सादिया ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के पास पर्यटन वीजा के लिए आवेदन डाल दिया। सादिया ने बताया, ‘मैं काफी परेशान हुई। उच्चायोग ने दो बार मेरे आवेदन को ठुकरा दिया और न ही इसके पीछे किसी तरह का कारण बताया। हम पिछले एक साल से वीजा लेने की कोशिश में जुटे हैं।‘ सादिया का मानना है कि दोनों देशों के बीच जारी तनाव के कारण उनके परिवार को वीजा नहीं मिल पा रहा है।
सादिया ने विदेश मंत्री को ट्वीट कर कहा, ‘इस बेटी की हेल्प करिए, आप मेरी एकमात्र उम्मीद हैं।‘ अभी विदेश मंत्री ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है। दंपति का यह रिश्ता 2012 में तय हुआ था जब अपने परिवार के साथ सादिया लखनऊ आयीं थीं। शादी तय होने के बाद दोनों परिवारों के बीच फोन पर बातचीत हुई लेकिन उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि वीजा की वजह से रिश्ते में देरी होगी। इस मामले में सैयद ने भी सुषमा स्वराज से मदद मांगी है।
Created On :   5 July 2017 5:15 PM IST