पाकिस्तानी नागरिक ने दीवार पर लिखा था 'हिंदुस्तान जिंदाबाद', केस दर्ज

Man arrested for writing Hindustan Zindabad slogan on wall in Pakistan
पाकिस्तानी नागरिक ने दीवार पर लिखा था 'हिंदुस्तान जिंदाबाद', केस दर्ज
पाकिस्तानी नागरिक ने दीवार पर लिखा था 'हिंदुस्तान जिंदाबाद', केस दर्ज

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान में रहने वाले एक शख्स ने अपने घर की दीवार पर "हिंदुस्तान जिंदाबाद" लिखा था, जिसके बाद उस पर राजद्रोह का केस दर्ज किया गया है और उसे जेल भेजा गया है। खैबर-पख्तूख्वा के हरिपुर में रहने वाले इस शख्स का नाम साजिद शाह बताया जा रहा है और इसी शख्स ने अपने घर की दीवार पर हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा लिखा।


बॉलीवुड फिल्मों का शौकीन है साजिद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी नागरिक साजिद शाह बॉलीवुड फिल्मों और सॉन्ग्स का शौकीन है और एक्टर बनना चाहता है। बताया जा रहा है कि साजिद की उम्र 20 साल है और वो एक माचिस फैक्ट्री में मजदूरी करता है। घर की दीवार पर हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा लिखने की बात भी उसने कबूल की है, ऐसा बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने साजिद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

हिंदुस्तान जिंदाबाद लिखने की बात कबूली

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ये मामला हरिपुर की माखन कॉलोनी का है। जहां साजिद शाह नाम के इस शख्स ने अपने घर की दीवार पर हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा लिखा था। बताया जा रहा है कि घर के बाहर हिंदुस्तान के समर्थन में लिखे इस नारे को जब लोगों ने देखा, तो इसका विरोध किया। इसके बावजूद साजिद ने इस नारे को मिटाने से मना कर दिया। इसके बाद लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। पुलिस से पूछताछ में साजिद ने हिंदुस्तान जिंदाबाद लिखने की बात कबूली है। उसने बताया है कि ये नारा उसी ने लिखा है।

4 भाईयों में सबसे बड़ा है साजिद

न्यूज वेबसाइट्स में छपी खबरों के मुताबिक, साजिद 4 भाईयों में सबसे बड़ा है। सालों पहले पिता की मौत के बाद से साजिद ही घर में इकलौता कमाने वाला है। बताया जा रहा है कि पिता की मौत के बाद साजिद ने स्कूल छोड़ माचिस की फैक्ट्री में काम करना शुरू कर दिया और इसी से उसका घर चलता है। पाकिस्तानी कानून के मुताबिक, साजिद पर सेक्शन-505 के तहत मुकदमा चलेगा और उसे 7 साल तक की जेल हो सकती है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले

पाकिस्तान में भारत के समर्थन में नारे लगना या हिंदुस्तानी झंडा फहराने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। जनवरी-2016 में पाकिस्तान में एक शख्स को सिर्फ इसलिए गिरफ्तार किया गया था, क्योंकि वो इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली का फैन था और कोहली के सम्मान में उसने तिरंगा लहराया था। इसके बाद इस शख्स के खिलाफ केस चलाया गया। हालांकि बाद में उसे रिहा कर दिया गया था। 

Created On :   5 Dec 2017 9:58 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story