प्रभावशाली शख्सियतों की दावेदारी में मोदी, टाइम की सूची में पुतिन- ट्रंप का भी नाम

name of pm Modi included in the list of influential peoples
प्रभावशाली शख्सियतों की दावेदारी में मोदी, टाइम की सूची में पुतिन- ट्रंप का भी नाम
प्रभावशाली शख्सियतों की दावेदारी में मोदी, टाइम की सूची में पुतिन- ट्रंप का भी नाम

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। टाइम मैगजीन ने दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में स्थान पाने के दावेदारों की सूची जारी की है। टाइम की इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी शामिल है। इसके अलावा सूची में स्थान पाने के दावेदारों में माइक्रोसॉफ्ट के भारतीय मूल के सीईओ सत्या नडेला, रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल हैं।

अगले महीने होगी घोषणा


पिछले कई वर्षों से टाइम की प्रभावशाली शख्सियतों की सालाना लिस्ट बनाई जाती रही है। जिसमें दुनियाभर में अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले कलाकारों, नेताओं, वैज्ञानिकों, कार्यकर्ताओं और उद्यमियों को जगह मिलती है। इस सूची में उन लोगों को जगह दी जाती है जो समसामयिक विश्व पर अपना प्रभाव डाल रहे हैं। इस साल की सूची अगले महीने घोषित की जाएगी।

रीडर्स से ऑनलाइन वोटिंग की अपील


टाइम मैगजीन के संपादक सूची में नाम शामिल करने के बारे में फाइनल डिसीजन लेते हैं, लेकिन इस बार पत्रिका ने पाठकों से इस वर्ष की सर्वाधिक प्रभावशाली शख्सियतों के लिए ऑनलाइन वोटिंग की अपील की है।

दावेदारों में तानाशाह किम जोंग उन का भी नाम


टाइम की दावेदारों की सूची में नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन का नाम भी शामिल है। इसके अलावा फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग, पाकिस्तानी-अमेरिकी एक्टर कुमैल नंजियानी, डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका, दामाद जारेद कुशनेर, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और अमेजन के चीफ जेफ बेजोस का नाम भी शामिल है। ब्रिटेन के शाही परिवार से प्रिंस विलियम्स, उनकी पत्नी डचेज ऑफ कैम्ब्रिज कैथेरिन, प्रिंस हैनरी और उनकी मंगेतर मेघन मार्केल भी दावेदारों की सूची में हैं।

पहले भी टाइम की सूची में शामिल थे मोदी 


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम 2016 और 2017 में भी प्रभावशाली शख्सियतों के दावेदारों की सूची में शामिल था। 2015 में 100 सर्वाधिक प्रभावशाली व्यक्तियों में पीएम मोदी को जगह दी गई थी। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पीएम मोदी पर टाइम मैगजीन में एक लेख भी लिखा था।

डोनाल्ड ट्रंप को चुना गया था ‘टाइम पर्सन ऑफ द ईयर 2016’


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टाइम पत्रिका ने 2016 का ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ चुना था। पत्रिका का कहना  था कि व्यवस्था विरोधी और लोकलुभावनवादी के तौर पर प्रचार करने के बाद ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए और उनके निर्वाचन के साथ उस प्रचार अभियान का अंत हुआ जिसमें बार बार राजनीतिक परिपाटी भंग हुई। हालांकि टाइम पर्सन ऑफ द ईयर की रेस में हिलेरी क्लिंटन को दूसरा स्थान मिला था। हिलेरी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के खिलाफ डेमोक्रेट उम्मीदवार थीं। टाइम के संपादकों ने पीएम मोदी को भी इस सम्मान के आखिरी दावेदारों के तौर पर 11 लोगों में चुना था।

2015 की टाइम "पर्सन ऑफ द ईयर" बनीं थी एंजेला मर्केल 


2015 के टाइम "पर्सन ऑफ द ईयर" के लिए जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल को चुना गया था। टाइम ने इस खिताब के अंतिम आठ दावेदारों में इस्लामिक स्टेट के सरगना अबू बकर अल-बगदादी और डोनाल्ड ट्रम्प को शामिल किया था। शुरु के 58 दावेदारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी और गूगल के भारतीय मूल के सीईओ सुंदर पिचाई का नाम भी शामिल था। 

 
 

Created On :   29 March 2018 1:43 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story