ब्रिटेन ने बढ़ाई पूरी दुनिया में टेंशन: इटली के एक और ऑस्ट्रेलिया के दो लोगों में मिला वायरस का नया स्ट्रेन, भारत सहित 40 देश सतर्क

ब्रिटेन ने बढ़ाई पूरी दुनिया में टेंशन: इटली के एक और ऑस्ट्रेलिया के दो लोगों में मिला वायरस का नया स्ट्रेन, भारत सहित 40 देश सतर्क
हाईलाइट
  • 40 देशों ने ब्रिटेन यात्रा पर लगा दिया है प्रतिबंध
  • मरने वालों का आंकड़ा 17 लाख के पार
  • वायरस का नया रूप पहले से 70% ज्यादा खतरनाक?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिटेन में कोरोना के नए स्ट्रेन सामने के आने के बाद पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। वहीं इटली में एक और ऑस्ट्रेलिया के दो लोगों में कोरोना वायरस का बदला रूप (नया स्ट्रेन) पाया गया है। न्यूज एजेंसी रायटर्स ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के हवाले से बताया कि ये दोनों लोग कुछ दिन पहले ही ब्रिटेन की यात्रा से लौटे थे। कोरोना के इस नए स्ट्रेन को VUI-202012/01 नाम दिया गया है। आशंका है कि यह पहले वाले वायरस से 70% ज्यादा संक्रमण फैलाने वाला है।

ऐसे में सभी देश इस संबंध में एहतियाती और जरूरी कदम उठा रहे हैं। कई देशों ने फिलहाल के लिए ब्रिटेन से आने और वहां जाने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है। भारत सरकार ने भी ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर 31 दिसंबर तक रोक लगा दी है। कई राज्यों की सरकारें भी इस संबंध में कदम उठा रही हैं। इस बीच, यूरोपियन मेडिसिन रेगुलेटर ने फाइजर और बायोएनटेक की ओर से बनाई गई कोविड-19 वैक्सीन को यूज के लिए मंजूरी दे दी है। एक हफ्ते के अंदर ही इसका इनोक्यूलेशन शुरू हो जाएगा।

इन देशों ने ब्रिटेन यात्रा पर लगा दिया है प्रतिबंध
स्पेन, पुर्तगाल, फ्रांस, भारत, पोलैंड, रूस, हांगकांग, जर्मनी, नीदरलैंड, आयरलैंड, इटली, बेल्जियम, फिनलैंड, एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया, क्रोएशिया, मैसीडोनिया, अल्बानिया, बुल्गारिया, रोमानिया, नॉर्वे, डेनमार्क, स्वीडन, कनाडा, तुर्की, सउदी अरब, ओमान, इस्रायल, जॉर्डन, ईरान, कुवैत, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, मॉरीशस, एल साल्वेडॉर, पेरू, अर्जेंटीना, चिली।

महाराष्ट्र में रात्रि कर्फ्यू, कर्नाटक सरकार ने हवाई अड्डों को यात्रियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा
महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के सभी नगर निगमों में नाइट कर्फ्यू लगाने का एलान किया। सरकार ने कहा कि नाइट कर्फ्यू 22 दिसंबर से पांच जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक जारी रहेगा। इसके साथ ही राज्य सरकार ने यूरोप और सभी मध्य-पूर्व के देशों से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन के लिए क्वारंटीन में रहना अनिवार्य कर दिया है। कर्नाटक सरकार ने बंगलूरू और मंगलूरू में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को निर्देश दिया है कि वह सात दिसंबर के बाद ब्रिटेन से आने वाले सभी यात्रियों की सूची उपलब्ध कराएं। राज्य सरकार ने कहा है कि ब्रिटेन से आने वाले सभी यात्रियों की आरटी-पीसीआर जांच की जानी चाहिए। इसमें ब्रिटेन के बाहर अन्य हवाई अड्डों में स्थानांतरित होने वाले लोग भी शामिल हैं।

वायरस का नया रूप पहले से 70% ज्यादा खतरनाक?
वायरस में लगातार म्यूटेशन होता रहता है, यानी इसके गुण बदलते रहते हैं। म्यूटेशन होने से ज्यादातर वेरिएंट खुद ही खत्म हो जाते हैं, लेकिन कभी-कभी यह पहले से कई गुना ज्यादा मजबूत और खतरनाक हो जाता है। यह प्रोसेस इतनी तेजी से होती है कि वैज्ञानिक एक रूप को समझ भी नहीं पाते और दूसरा नया रूप सामने आ जाता है। वैज्ञानिकों को अनुमान है कि कोरोनावायरस को जो नया रूप ब्रिटेन में मिला है वह पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है।

संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 17 लाख के पार
पूरी दुनिया में कोरोना का रूप घातक होते जा रहा है। संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों का आंकड़ा अब 17 लाख के पार हो गया है। अब तक 17 लाख 3 हजार 574 लोग जान गंवा चुके हैं। हर दिन 10 से 12 हजार लोगों की मौत हो रही है। पिछले 7 दिनों का आंकड़ा देखें तो 72 हजार लोगों ने जान गंवाई है। इसमें सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका, मैक्सिको, ब्राजील, रूस, यूके, इटली जैसे देशों में हो रहीं हैं।

दुनिया में अब तक कोरोना के 7 करोड़ 74 लाख 21 हजार 359 केस हो चुके हैं। अच्छी बात ये है कि 5 करोड़ 43 लाख 27 हजार 483 लोग ठीक हो चुके हैं। 2 करोड़ 14 लाख 90 हजार 898 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इनमें 1 लाख 63 हजार 13 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
 

Created On :   21 Dec 2020 8:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story