US के भारत को सपोर्ट पर पाक बोला, 'हो सकता है परमाणु युद्ध'

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। अमेरिका के कश्मीर के मुद्दे पर भारत का समर्थन किए जाने से पाकिस्तान बौखला गया है। सोमवार को पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल नसीर खान जंजुआ (रिटायर्ड) ने परमाणु युद्ध की आशंका जता डाली। उन्होंने कहा कि "दक्षिण एशिया क्षेत्र की स्थिरता नाजुक हालत में है और भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु जंग की संभावना लगातार बनती जा रही है। हम तो इस मामले में कोई बात नहीं करना चाहते हैं फिर भी कांग्रेस गुप्त मीटिंग करके पाकिस्तान को उकसा रही है।"
पाकिस्तान ने भारी कीमत चुकाई
एक सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने कई घातक हथियार जुटाए हैं। भारत की तरफ से पाकिस्तान को बार-बार युद्ध की धमकी दी जाती है। इसलिए परमाणु युद्ध की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एनएसए ने दावा किया कि पाकिस्तान ने जब से अमेरिका से गठबंधन किया, तभी से वह आतंकवाद का सामना कर रहा है। पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारी कीमत चुकाई है। उनका कहना है कि विश्व ने इस नुकसान को कभी स्वीकार नहीं किया।
"अमेरिका भारत की भाषा बोल रहा"
वहीं इसके उलट पाकिस्तान पर अमेरिका ने हक्कानी नेटवर्क और तालिबान से संबंध रखने का आरोप भी लगाया है। अफगानिस्तान में अमेरिका ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए इसका दोष पाकिस्तान पर मढ़ना शुरू कर दिया है। तालिबान मजबूत हो गया है, अमेरिका ने नई दिल्ली को प्राथमिकता दी है और सीपीईसी का विरोध किया है। बता दें कि नासिर खान जंजुआ ने अमरीका पर यह भी आरोप लगाया कि वह कई अरब डॉलर की लागत से बनने वाले चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरीडोर (सी.पी.ई.सी.) के खिलाफ भारत के साथ मिलकर षड्यंत्र रच रहा है। नासिर खान ने कहा कि अमेरिका भारत की भाषा बोल रहा है। दोनों राष्ट्रों के जम्मू-कश्मीर मामले पर एक समान विचार हैं।
क्रिसमस से कड़ी की गई सुरक्षा
अशांत क्वेटा शहर में गिरजाघर में प्रार्थना के दौरान आत्मघाती बम हमले के बाद पाकिस्तान समजग हो गया है। पाक ने हिंदू मंदिरों सहित अल्पसंख्यकों के सैकड़ों धार्मिक स्थलों के आस-पास सुरक्षा कड़ी कर दी है। बता दें गिरजाघर पर हमले में 9 लोग मारे गए थे। पाक अधिकारियों ने एजेंसियों को निर्देश दिया है कि धार्मिक स्थलों और गैर मुसलमानों के अन्य धार्मिक महत्व के स्थलों के पास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएं।
Created On :   19 Dec 2017 9:43 AM IST