पाकिस्तानी रेलमंत्री का दावा, मोदी फिर करा सकते हैं सर्जिकल स्ट्राइक

पाकिस्तानी रेलमंत्री का दावा, मोदी फिर करा सकते हैं सर्जिकल स्ट्राइक
हाईलाइट
  • 2016 उरी हमले के बाद भारत ने पाक पर की थी सर्जिकल स्ट्राइक
  • 2019 का चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकते हैं मोदी : राशिद
  • पाक के रेलमंत्री ने दिया 5 राज्यों में बीजेपी की हार का हवाला

डिजिटल डेस्क, कराची। पाकिस्तान के रेलमंत्री शेख राशिद अहमद ने दावा किया है कि भारत में होने वाले 2019 लोकसभा चुनाव जीतने पीएम मोदी पाकिस्तान पर फिर सर्जिकल स्ट्राइक करा सकते हैं। राशिद ने कहा कि भारत के 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है, इसलिए 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के लिए सरहद पर पीएम मोदी सर्जिकल स्ट्राइक करवा सकते हैं। 

रेलमंत्री राशिद ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से 2019 बेहद खास साबित होने वाला है। मोदी पाकिस्तान की सरहदों पर कोई कार्रवाई करवा सकते हैं। गोमाता के वोटरों को रिझाने के लिए वो कोई भी बड़ा कदम उठा सकते हैं। बता दें कि भारतीय सेना ने 2016 में उरी हमले के बाद पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इस कार्रवाई में पाकिस्तान के कई लॉन्चिंग पैड तबाह हो गए थे, कई आतंकी भी मारे गए थे। 

पाकिस्तानी रेलमंत्री के बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक नही की थी, वो कार्रवाई पाकिस्तान का इलाज करने के लिए थी। आगे जरूरत पड़ने पर भी ऐसी कार्रवाई की जा सकती है। पाक के इस बयान पर कांग्रेस ने भी कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। पार्टी के नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि भारत के राजनीतिक मामलों में पाकिस्तान को दखल अंदाजी नहीं करना चाहिए।

बता दें कि सरकार के साथ-साथ सेना भी जरूरत के मुताबिक सर्जिकल स्ट्राइक करने की बात कहती है। लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अंबु ने पिछले दिनों कहा था कि दुश्मन ने हमे चुनौती देने की कोशिश की तो हम दोबारा सर्जिकल स्ट्राइक करने में पीछे नहीं हटेंगे।

Created On :   29 Dec 2018 5:03 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story