पाक सैन्य अधिकारी ने भारत पर लगाए आर्थिक गलियारे को नुकसान पहुंचाने के आरोप

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारी ने शुक्रवार को भारत पर 50 अरब डॉलर की लागत वाले चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना को विध्वंसकारी गतिविधियों के जरिए निशाना बनाने का आरोप लगाया है। ज्वांइट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष जनरल जुबैर महमूद हयात ने आरोप लगाया कि भारत का रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) विध्वंसकारी गतिविधियों के जरिए सीपीईसी को निशाना बना रहा है। पाकिस्तान के रक्षा बल में सर्वोच्च रैंक के सैन्य अधिकारी ने यह टिप्पणी यहां नौसेना कैडेट की एक पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए की। उन्होंने यह भी कहा कि अफगानिस्तान में शांति एवं स्थिरता क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी है।
गौरतलब है कि सीपीईसी सड़क, रेल और ऊर्जा परियोजनाओं का एक नेटवर्क है। यह दक्षिणी पाकिस्तान और ग्वादर बंदरगाह को चीन से जोड़ता है। चूंकि यह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से होकर गुजरता है, इसलिए भारत ने इस परियोजना पर आपत्ति दर्ज की है।
Created On :   16 July 2017 12:14 AM IST