तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाईलामा ने हिमाचल में मनाया अपना 82वां जन्मदिन

डिजिटल डेस्क,धर्मशाला. चीन के निर्वासित नेता और भारत में रह रहे तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाईलामा तेंजिन ग्यात्सो का 82वां जन्मदिन हिमाचल प्रदेश में जोश और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अन्य जगहों की तरह मंडी जिला में धर्मगुरु के जन्मदिन पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर केक काटे गए और उनकी लंबी उम्र की दुआ मांगी गई।
इसी कड़ी में पंडोह स्थित तिब्बती सेटलमेंट ऑफिस में भी जन्मदिन पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मंडी, कुल्लू और लाहुल स्पीति सहित प्रदेश के अन्य भागों से आए तिब्बति समुदाय के लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में भारत-तिब्बत मैत्री संघ के उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
ठाकुर ने तिब्बती समुदाय के लोगों के साथ मिलकर केक काटा और नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित दलाईलामा की तस्वीर के आगे माथा टेक आशीर्वाद प्राप्त किया।
विशाल ठाकुर और तिब्बती समुदाय के लोगों ने दलाईलामा के दीर्घायु होने की कामना की और साथ ही दुनिया भर में चर्चित दलाईलामा के शांति के संदेशों पर अमल करने का संकल्प लिया। इस मौके पर तिब्बत की प्राचीन संस्कृति को दर्शाते रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए, जिसमें बुजुर्गों ने भी खासे उत्साह के साथ भाग लिया।
Created On :   8 July 2017 8:38 AM IST