रंगभेद विरोधी आंदोलन प्रमुख नेल्सन मंडेला की पूर्व पत्नी विनी मंडेला का निधन
डिजिटल डेस्क, जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रमुख नेता नेल्सन मंडेला की पूर्व पत्नी विनी मंडेला का सोमवार को 81 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके प्रवक्ता विक्टर डलामिनी ने इस खबर की पुष्टि की है। विनी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। विनी ने जोहानिसबर्ग के अस्पताल में अपनी आखिरी सांसे लीं। विनी मंडेला ने 38 साल पहले नेल्सन मंडेला से विवाह किया था। श्वेत-अल्पसंख्यक शासन को खत्म करने की लड़ाई में उनकी भूमिका काफी अहम थी, हालांकि इतिहास में उनका नाम विवाद से भी जुड़ा है।
‘राष्ट्रमाता’ भी कहते थे लोग
प्रवक्ता डलामिनी की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘लोगों को यह सूचित करते हुए बेहद दुख हो रहा है कि मिसेज विनी मैडिकिजेला मंडेला का सोमवार को जोहानिसबर्ग स्थित नेटकेयर मिलपार्क अस्पताल में निधन हो गया। सोमवार दोपहर को उन्होंने अपना देह त्यागा, इस दौरान उनके परिवार के लोग एवं प्रियजन वहां मौजूद थे। बता दें कि विनी मंडेला को कई देशवासी ‘राष्ट्रमाता’ के रूप में देखते हैं। 26 सितंबर 1936 को ईस्टर्न केप में जन्मीं विनी का नाम बचपन में नोमजामो विनीफ्रेड जैनेयवे माडिकिजेला था, लेकिन वह मशहूर सिर्फ ‘विनी’ के नाम से हुईं।
चर्चित रही प्रेम कहानी
विनी और नेल्सन मंडेला की शादी आधुनिक इतिहास की सबसे चर्चित प्रेम कहानी रही। वर्ष 1958 में नेल्सन से उन्होंने शादी की। शादी के तुरंत बाद नेल्सन भूमिगत हो गए। विनी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी का अधिकतर हिस्सा अकेले ही गुजरा। नेल्सन 27 साल तक जेल में बंद रहे, जिसके कारण विनी ने अपनी दोनों बेटियों की परवरिश अकेले ही की और दमनकारी श्वेत-अल्पसंख्यक शासन के रहते हुए नेल्सन के राजनीतिक स्वप्न को जिंदा रखा।
1996 में हुआ नेल्सन मंडेला से तलाक
इसके बाद वर्ष 1990 में जब नेल्सन मंडेला जेल से बाहर आए तब दुनिया ने उन्हें विनी के साथ हाथों में हाथ डाले देखा। हालांकि यह साथ लंबा नहीं चला और महज दो साल बाद ही दोनों अलग हो गए। एक युवा अंगरक्षक के साथ विनी के प्रेम संबंधों के खुलासे के बाद वर्ष 1996 में उनका तलाक हो गया। नेल्सन के साथ और उनके बगैर रहते हुए भी विनी ने अपने बलबूते अपनी छवि एक सख्त, ग्लैमरस और मुखर अश्वेत कार्यकर्ता के तौर पर बनाई।
Created On :   3 April 2018 8:03 AM IST