अमेरिका के पश्चिमी टेक्सास में अंधाधुंध गोलीबारी, 5 लोगों की मौत, 21 घायल

US Texas Shooting: At Least five people Dead and more than 20 Injured Near Odessa
अमेरिका के पश्चिमी टेक्सास में अंधाधुंध गोलीबारी, 5 लोगों की मौत, 21 घायल
अमेरिका के पश्चिमी टेक्सास में अंधाधुंध गोलीबारी, 5 लोगों की मौत, 21 घायल
हाईलाइट
  • फायरिंग की यह घटना मिडलैंड के पास ओडेसा इलाके में हुई
  • वारदात को अंजाम देने वाले एक बंदूकधारी को सिनर्जी मूवी थिएटर के पास मार दिया गया

डिजिटल डेस्क, टेक्सास। अमेरिका के टेक्सास में बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय पुलिस के मुताबिक फायरिंग की यह घटना पश्चिमी टेक्सास में मिडलैंड के पास ओडेसा इलाके में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले 30 वर्षीय बंदूकधारी को सिनर्जी मूवी थिएटर के पास मार दिया गया।  

पुलिस ने बताया, एक संदिग्ध ने अमेरिकी पोर्टल सर्विस वाहन को हाईजैक कर लिया और ओडेसा और मिडलैंड काउंटी में अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें कई लोग घायल हो गए। हालांकि बाद में बंदूकधारी को गोली मार दी गई लेकिन इससे पहले ही वो 5 लोगों को निशाना बना चुका था। 

ओडेसा पुलिस के प्रमुख माइकल जर्क ने किसी दूसरे हमलावर की संभावना को खारिज कर दिया, जैसा कि प्रशासन ने पहले चेतावनी दी थी। इसी बीच मिडलैंड में पुलिस विभाग ने अपनी वेबसाइट पर घोषणा करते हुए कहा कि संदिग्ध बंदूकधारी को ओडेसा शहर में सिनर्जी कम्यूनिटी एंटरटेनमेंट सेंटर में मार गिराया गया। संदिग्ध ने शनिवार दोपहर को ओडेसा और मिडलैंड में शॉपिंग सेंटर्स पर दुकानदारों और वाहनों को अपना निशाना बनाया।

पुलिस ने कहा, इसकी पुष्टि हो गई है कि हमलावर ओडेसा में सिनर्जी में मार गिराया गया। अब कोई हमलावर नहीं बचा है। सभी एजेंसियां संभावित संदिग्धों की जांच कर रही हैं। जर्क ने कहा, हमले के पीछे संदिग्ध का उद्देश्य अभी तक सामने नहीं आया है, हालांकि मिडलैंड राजमार्ग पर टेक्सास जन सुरक्षा विभाग के दो अधिकारियों द्वारा संदिग्ध के वाहन को रोकने की कोशिश किए जाने के बाद यह घटना शुरू हुई।

जिसके बाद संदिग्ध ने अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी और वाहन को भगा ले जाने के बाद उसने कई स्थानों पर अन्य लोगों पर गोलीबारी कर दी। इसके बाद उसने अपना वाहन छोड़ दिया और अमेरिका डाक सेवा की वैन चुरा ली। ओडेसा के मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल ने कहा, वहां इलाज करा रहे लोगों में दो साल से कम आयु का एक बच्चा भी है। अस्पताल में सात अन्य घायलों की स्थिति गंभीर है। घायलों में तीन पुलिस अधिकारी भी हैं। 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना के बारे में ट्वीट कर कहा कि एफबीआई इस मामले को देख रहा है। गौरतलब है कि, अगस्त महीने में अमेरिका के टेक्सास और ओहियो में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में करीब 29 लोगों की मौत हुई थी। 40 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। गोलीबारी की दोनों घटनाएं 24 घंटे के भीतर हुई थीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक्सास और ओहियो में हुई गोलीबारी की जांच के आदेश दिए थे।

 

Created On :   1 Sept 2019 8:02 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story