Russia Nuclear Missile Test: यूक्रेन से युद्ध के बीच रूस ने किया दुनिया की सबसे पावरफुल मिसाइल का सफल परीक्षण, जानें क्या है इसकी खासियत?

यूक्रेन से युद्ध के बीच रूस ने किया दुनिया की सबसे पावरफुल मिसाइल का सफल परीक्षण, जानें क्या है इसकी खासियत?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यूक्रेन से बीते 3 साल से जारी युद्ध के बीच रूस ने एक ऐसी सफलता पाई है जिसे जानकर पूरी दुनिया चौंक गई है। रूस ने एक ऐसी मिसाइल का सफल परीक्षण किया है जो न कभी थकती है..न ही रुकती है और न ही उसे कोई डिफेंस सिस्टम भेद सकता है। अमेरिकी समेत नाटो के अन्य देश इसे स्काईफॉल कहते हैं। इस मिसाइल का नाम है 'बुरेवेस्तनिक'।

रूस की ओर से दावा किया गया है कि ये दुनिया की पहली न्यूक्लियर पावर्ड (परमाणु ऊर्जा से चलने वाली) क्रूज मिसाइल है जो कि अनलिमिटेड रेंज वाली है। इसके बारे में जानकारी देते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को बताया कि मिसाइल के सभी टेस्ट पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी मिसाइल है जो दुनिया में अन्य किसी देश के पास नहीं है। पुतिन ने कहा कि इसके पहले कई विशेषज्ञ ये मानते थे कि ऐसा हथियार बनाना नमुमकिन है, लेकिन अब ये हकीकत बन चुका है।

वहीं रूसी सेना के प्रमुख वैलेरी गेरेसिमोव ने इस बारे में बताया कि मिसाइल का सफल टेस्ट 21 अक्टूबर को किया गया था। इस दौरान मिसाइल ने करीब 15 घंटे आसमान में उड़ान भरी। इस दौरान उसने लगभग 14 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। सेना प्रमुख ने यह भी बताया कि यह मिसाइल की फुल रेंज नहीं है, वह इससे ज्यादा देर और लंबी दूरी तक उड़ान भर सकती है।

कोई डिफेंस सिस्टम नहीं रोक सकता

मिसाइल का नाम बुरेवेस्तनिक रूसी भाषा से लिया गया है, जिसका मतलब होता है तूफानी पक्षी। जिस तरह पक्षी के द्वारा आने वाले तूफान का संकेत दिया जाता है उसी तरह यह मिसाइल भी दुश्मन देशों के आने वाले खतरे की निशानी है। परमाणु ऊर्जा से चलने वाली यह मिसाइल 7 से 8 मीटर लंबी है और असीमित रेंज वाली है। यानी ये हफ्तों से लेकर महीनों तक लगातार उड़ सकती है। दावा किया जा रहा है कि यह 20 हजार किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है।

मिसाइल की स्पीड करीब 13 सौ किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। इसके अलावा यह 50 से 100 मीटर की ऊंचाई पर भी उड़ सकती है और लगातार अपना रस्ता बदलती रहती हैं। इससे इसकी रडार को पकड़ना असंभव हो जाता है। रूस का दावा है कि यह दुनिया के किसी भी मजबूत से मजबूत डिफेंस सिस्टम को भी चकमा दे सकती है।

Created On :   27 Oct 2025 3:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story