चीन: ट्रंप को जिनपिंग के दो टूक,दादागिरी से नहीं चलेगी दुनिया

ट्रंप को जिनपिंग के दो टूक,दादागिरी से नहीं चलेगी दुनिया
  • राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तियानमेन चौक पर परेड की सलामी ली
  • दूसरे विश्वयुद्ध में जापान की हार के 80 वर्ष पूरे होने के मौके पर विक्ट्री परेड
  • शांति से आगे बढ़ने के रास्ते का पालन करना चाहिए
  • वैश्विक शांति और सौहार्द की सुरक्षा करनी चाहिए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन हर साल 3 सितंबर को विक्ट्री डे के तौर पर मनाता है। दूसरे विश्वयुद्ध में जापान की हार के 80 वर्ष पूरे होने के मौके पर चीन की राजधानी बीजिंग में भव्य मिलिट्री परेड का आयोजन किया गया। जिनपिंग ने कहा कि मानवता को शांति या युद्ध, बातचीत या टकराव और सबके लिए लाभ या नुकसान के बीच रास्ता चुनना होगा। जिनपिंग के इस बयान को अमेरिका की व्यापारिक टैरिफ नीतियों और वैश्विक प्रभाव पर एक अप्रत्यक्ष टिप्पणी माना गया है।

चीन शांतिपूर्ण विकास के रास्ते पर कायम रहेगा और सभी देशों को एक-दूसरे का ध्यान रखने और सहयोग करने की आवश्यकता है ताकि युद्ध जैसी त्रासदियों से बचा जा सके। जिनपिंग ने परेड को चीन के पुनर्जनन का प्रतीक बताते हुए एक नई वैश्विक व्यवस्था की वकालत की, जो गैर पश्चिमी देशों के नेतृत्व में हो।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तियानमेन चौक पर परेड की सलामी भी ली। जिनपिंग ने इस मंच से अमेरिका का नाम लिए बगैर अपने इरादे जाहिर किए ,और ट्रंप को दो टूक जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि चीन किसी की धमकियों से डरने वाला नहीं है और यह हमेशा आगे बढ़ता रहता है।

आपको बता दें वैसे तो जिनपिंग ने अमेरिका के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष आरोप नहीं लगाया, लेकिन परेड में पुतिन, किम जोंग उन और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान जैसे कई देशों की नेताओं की मौजूदगी को अमेरिका के लिए एक कूटनीतिक संदेश माना गया। चीन की विक्ट्री परेड को अमेरिका और पश्चिमी देशों के खिलाफ एकजुटता और चीन की बढ़ती सैन्य व वैश्विक ताकत के प्रदर्शन के रूप में देखा गया है।

जिनपिंग ने आगे कहा इंसान एक ही प्लैनेट पर रहते हैं इसलिए हम सबको मिलजुलकर शांति से काम करना चाहिए और रहना चाहिए। दुनिया को वापस जंगल राज में नहीं लौटनी चाहिए, जहां छोटे और कमजोर देशों को बड़े देश धमकाते रहे और दादागीरी करते रहे। चीनी राष्ट्रपति ने कहा हमें शांति से आगे बढ़ने के रास्ते का पालन करना चाहिए और वैश्विक शांति और सौहार्द की सुरक्षा करनी चाहिए।

Created On :   3 Sept 2025 1:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story