US-Venezuela dispute: 'मैं शरीफ आदमी हूं....' US कोर्ट में बोले मादुरो, ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों के आरोपों से किया इनकार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वेनेज़ुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सोमवार को अमेरिका की संघीय अदालत में पेश हुए। दोनों पर ड्रग और अवैध हथियारों की तस्करी सहित अन्य गंभीर आरोप हैं। मादुरो ने कोर्ट में जज के सामने कहा कि वह अभी भी वेनेजुएला के राष्ट्रपति हैं। दोनों पति-पत्नी करीब आधा घंटे तक चली सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर आए। मामले की अगली सुनवाई 17 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे होगी।
यह भी पढ़े -'इतिहास बताएगा गद्दार कौन था, मां कसम...', वेनेजुएला में अमेरिका के हमले से भड़के मादुरो के बेटे, अब ट्रंप को दे दी ये बड़ी चेतावनी
मैं शरीफ आदमी हूं
मादुरो ने जज के सामने कहा कि उनको किडनैप किया गया है। वहीं अपने ऊपर लगे आरोपों पर जज एल्विन के. हेलरस्टीन से सवाल पर मादुरो ने कहा, 'मैं एक शरीफ आदमी हूं। मुझे वेनेजुएला के काराकास में मेरे घर से गिरफ्तार किया गया था।' बयान के दौरान जज एल्विन हेलरस्टीन ने उन्हें रोक दिया। इसी तरह उनकी पत्नि सिलिया फ्लोरेस ने भी खुद को निर्दोष बताया।
वहीं कोर्ट से बाहर निकलते हुए मादुरो ने मीडिया से कहा, मैं युद्धबंदी हूं। मादुरो के वकील ने इसे सैन्य अपहरण बताते हुए कानून का उल्लंघन बताया। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को बुरा हाल करने की धमकी दी है। ट्रम्प ने कहा, 'अगर डेल्सी वह नहीं करतीं जो वेनेजुएला के लिए अमेरिका सही मानता है, तो उनका हाल मादुरो से भी ज्यादा बुरा हो सकता है।'
यह भी पढ़े -लोकतंत्र की आड़ में ट्रंप ने चली चाल, वेनेजुएला में तेल का खेल बदलने की प्लानिंग कर रहा अमेरिका
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि यदि रोड्रिग्ज अमेरिका की बात मान लेती हैं तो वेनेजुएला में अमेरिकी सेना तैनात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति ने अमेरिका से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, हमारे लोग युद्ध नहीं, शांति और बातचीत के हकदार हैं। यही संदेश राष्ट्रपति मादुरो का हमेशा रहा है और आज पूरे वेनेजुएला का भी यही संदेश है।'
Created On :   6 Jan 2026 12:31 AM IST












