लापता नेपाली हेलीकॉप्टर का मलबा मिला, 5 की मौत एक गायब, उड़ान भरने के 15 मिनट बाद हेलीकॉप्टर के साथ हादसा, जानिए कब-क्या हुआ

लापता नेपाली हेलीकॉप्टर का मलबा मिला, 5 की मौत एक गायब, उड़ान भरने के 15 मिनट बाद हेलीकॉप्टर के साथ हादसा, जानिए कब-क्या हुआ
नेपाली हेलीकॉप्टर हादसे का हुआ शिकार

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। पड़ोसी देश नेपाल से एक बार फिर हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। खबर थी कि, नेपाल का एक हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के बाद से ही लापता है। हेलीकॉप्टर से संपर्क साधने के लिए हर तरह का प्रयास किया गया लेकिन कोशिश रंग नहीं ला पाई। जानकारी के मुताबिक, इस हेलीकॉप्टर में कुल 6 लोग सवार थे। जिनमें से पांच लोग विदेशी नागरिक ( मैक्सिको) थे। अब खबर सामने आ रही है कि हेलीकॉप्टर में सवार 5 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक व्यक्ति के बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा है। जिसकी खोज नेपाल की पुलिस कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हेलीकॉप्टर ने नेपाल के सोलुखुम्बू से राजधानी काठमांडू के लिए उड़ान भरी थी।

नेपाल पुलिस के मुताबिक, मनांग एयर का हेलीकॉप्टर लिखुपिके ग्रामीण नगर पालिका के लमजुरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। यह क्षेत्र माउंट एवरेस्ट के पास जिरी और फाप्लू के बीच स्थित है। दुर्घटनास्थल पर तैनात कनिष्ठ पुलिस अधिकारी निरंजन बासनेत ने कहा कि पांच शव मिल गए हैं और छठे लापता व्यक्ति की खोज के लिए सर्च अभियान जारी है।

हेलीकॉप्टर को जाना था काठमांडू

नेपाल के प्रतिष्ठित अखबार द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, लापता हुए हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 10 बजे उड़ान भरी थी जिसका महज 15 मिनट के अंदर ही नियंत्रण टावर से संपर्क टूट गया था। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट जाने पर त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के महाप्रबंधक प्रताप बाबू तिवारी ने बताया था कि, कॉल साइन 9एन-एएमवी वाला हेलिकॉप्टर से उड़ान के 15 मिनट के बाद ही संपर्क टूट गया। जबकि नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने कहा था कि हेलीकॉप्टर ने सुबह 9:45 बजे सोलुखुम्बु के सुरकी से राजधानी के लिए उड़ान भरी थी। जिससे अब संपर्क नहीं हो पा रहा है। पायलट चेत गुरुंग द्वारा संचालित हेलिकॉप्टर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हाल ही में हुआ था भयानक विमान हादसा

यह पहला मौका नहीं है जब नेपाल में ऐसी घटना घटी हो। इस साल के शुरुआत में नेपाली विमान के साथ बड़ा हादसा हुआ था। 15 जनवरी, 2023 को हुए विमान हादसे में 72 लोगों की जान चली गई थी। जिसमें कुछ इंडियन भी मौजूद थे। इस प्लेन का नाम ATR-72 था। इस विमान में 68 यात्रियों के साथ 4 क्रू मेंबर भी मौजूद थे। यह विमान अपने लैंडिग से सिर्फ 10 सेंकेंड पहले पहाड़ से टकरा कर नदी में जा गिरा था। जिसकी वजह से सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। रेस्क्यू टीम को 72 यात्रियों में से 68 यात्रियों के शव मिले थे। चार शवों को ढूंढने के लिए नदी में विमान के गिरे हुए मलबे से खोजने के लिए गोताखोरों को उतारा गया था लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया था।

सर्च अभियान जारी था

कहा जा रहा था कि, हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो चुका है जिसकी वजह से उसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। अब वहीं खबरें सच हो चुकी हैं। नेपाली हेलीकॉप्टर में मौजूद पांचों यात्रियों की मौत हो चुकी है। इस पूरे घटनाक्रम पर नेपाल की सरकार अपनी पैनी नजर बनाई हुई थी ताकि हेलीकॉप्टर का पता लगाया जा सके। भटके हुए हेलीकॉप्टर की जानकारी के लिए नेपाल की सरकार ने सर्च अभियान भी चला रखा था ताकि हेलीकॉप्टर को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके। लेकिन सरकार को अब निराशा ही हाथ लगी है।

Created On :   11 July 2023 11:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story