विवादों के घेरे में: जोहरान ममदानी को लेकर ट्रंप के समर्थक रिपब्लिकन नेता और दक्षिणपंथी समूह यूएस नागरिकता रद्द करने के साथ देश से बाहर निकालने की कर रहे है मांग

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। मशहूर भारतीय-अमेरिकी फिल्ममेकर मीरा नायर के बेटे जोहरान ममदानी जब से न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीते है तब से विवादों के घेरे में आ गए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक रिपब्लिकन नेता और दक्षिणपंथी समूह भारतीय मूल के ममदानी की अमेरिकी नागरिकता रद्द करवाने और देश से बाहर करने की मांग कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ममदानी को 100% कम्युनिस्ट पागल कहा, उसके कुछ दिनों बाद ममदानी पर निशाना साधा जाने लगा।
ट्रंप के बॉर्डर सुरक्षा सलाहकार टॉम होमन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आव्रजन एजेंसियां को जेलों में गिरफ्तारी नहीं करने दी गई, तो वे लोगों को उनके घरों और दफ्तरों से पकड़ लेंगे, होमन ने आगे कहा कि गेम ऑन, अब हम आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क यंग रिपब्लिकन क्लब ने अभियान चलाया और ट्रंप प्रशासन से 1954 के कम्युनिस्ट कंट्रोल एक्ट के तहत ममदानी की नागरिकता कैंसिल कराने की मांग की है। आपको बता दें कम्युनिस्ट कंट्रोल एक्ट शीत युद्ध के समय बना था, जिससे कम्युनिस्ट पार्टी को गैरकानूनी घोषित किया गया था। क्लब ने व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर और ट्रम्प के बॉर्डर सलाहकार टॉम होमन को टैग करते हुए पोस्ट में लिखा कि कट्टरपंथी ममदानी को हमारे प्यारे शहर न्यूयॉर्क को तबाह करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
रिपब्लिकन सांसद एंडी ओग्ल्स ने अमेरिकी न्याय विभाग को लेटर लिखकर जोहरान की सिटिजनशिप रद्द करने और उन्हें देश से बाहर करने की मांग की है। ओगल्स ने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को भी पत्र लिखा है। आपको बता दें जोहरान ममदानी ने 2018 में अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी। वे 2021 से न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य भी हैं, लेकिन नवंबर में न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव से पहले ममदानी डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीतने के बाद विवादों में घिर गए हैं, उन्हें कट्टर कम्युनिस्ट कहकर निशाना बनाया जा रहा है।
Created On :  

