Share Market Closing Bell: दिवाली से पहले रोशन हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 1233 अंकों की जबरदस्त तेजी, निफ्टी 23440 के पार बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (02 नवंबर 2026, सोमवार) जबरदस्त तेजी देखने को मिली और यह मार्केट दिवाली से पहले ही रोशन हो गया। समापन सत्र में प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,233.25 अंकों यानी कि 1.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,692.78 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 387.70 अंक यानी कि 1.68 प्रतिशत उछलकर 23,440.80 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 2,668 शेयरों में तेजी आई, वहीं 1,469 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 162 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी 50 की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, श्रीराम फाइनेंस, कोल इंडिया और JSW स्टील के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर इंफोसिस, अडानी पोर्ट्स, सन फार्मा, एक्सिस बैंक और HDFC लाइफ के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 23 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें रिलायंस, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई, एनटीपीसी, मारुति, बजाज फाइनेंस और एलएंडटी के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 7 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें इन्फोसिस, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सनफार्मा, एक्सिस बैंक और टेक महिन्द्रा के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो इसमें बीते बंद के मुकाबले सोमवार को मामूली बढ़त देखने को मिली और यह 94.90 पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 94.89 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 95.21 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 94.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 718.71 अंकों यानी कि 0.96 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,178.24 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 169.2 अंक यानी कि 0.73 प्रतिशत उछलकर 23,222.30 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते सत्र (30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार) में शेयर बाजार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी और शाम को यह बढ़त के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,459.53 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 116.35 अंक यानि कि 0.51 प्रतिशत चढ़कर 23,053.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :  
