Share Market Closing Bell: बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 308 अंक चढ़ा, निफ्टी 23000 के पार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के पांचवें और आखिरी दिन (30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,459.53 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 116.35 अंक यानि कि 0.51 प्रतिशत चढ़कर 23,053.10 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 1311 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 2862 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 170 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और सन फार्मा के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर अडानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस, अडानी एंटरप्राइजेज, एमएंडएम और कोल इंडिया के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें ट्रेंट, इंडिगो, इन्फोसिस, एनटीपीसी, पावरग्रिड, इटररल और टेक महिन्द्रा के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 12 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एसबीआई, एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो इसमें बीते बंद के मुकाबले शुक्रवार को 30 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 94.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 95.21 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले गुरुवार को भारतीय रुपया 95.25 प्रति डॉलर पर लगभग स्थिर बंद हुआ।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 71.45 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,222.49 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 27.75 अंक यानि कि 0.12 प्रतिशत चढ़कर 22,964.50 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (29 अक्टूबर 2026, गुरुवार) शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 905.01 अंक यानि कि 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,151.04 पर बंद हुआ था। जबकि, निफ्टी 237.90 अंक यानि कि 1.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,936.75 पर बंद हुआ था।
Created On :  
