Share Market Closing Bell: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1718 अंक उछला, निफ्टी भी 25 हजार के पार बंद हुआ

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1718 अंक उछला, निफ्टी भी 25 हजार के पार बंद हुआ
आज सेंसेक्स 1,718.01 अंक की बढ़त के साथ 81,028.02 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 493.75 अंक की बढ़त के साथ 25,030.35 पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में आज (06 नवंबर 2026, शुक्रवार) एक बार फिर जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार ने ऐसी छलांग लगाई कि सेंसेक्स 81 हजार के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी ने भी 25 हजार का आंकड़ा पार कर लिया। बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी का माहौल रहा। बैंकिंग, ऑटो और अन्य बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली।

कारोबार खत्म होने पर बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,718.01 अंक यानी 2.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,028.02 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 50 भी 493.75 अंक यानी 2.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,030.35 के स्तर पर बंद हुआ।

ICICI बैंक और M&M के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी

शुक्रवार को निफ्टी की बड़ी कंपनियों में ICICI बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), HDFC बैंक, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। दूसरी ओर आयशर मोटर्स, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अडाणी एंटरप्राइजेज और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

जबकि, सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 29 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इनमें M&M, ICICI बैंक, HDFC बैंक, टाइटन, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, टाटा स्टील, NTPC, अडाणी पोर्ट्स, सनफार्मा, L&T और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रहे।

1,681 शेयर चढ़े, 2,400 में गिरावट

शेयर बाजार में तेजी के बावजूद सभी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी नहीं हुई। शुक्रवार को कारोबार के दौरान कुल 1,681 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,400 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, 148 शेयरों की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ।

रुपया भी डॉलर के मुकाबले 56 पैसे मजबूत

शेयर बाजार में तेजी के साथ भारतीय रुपए में भी मजबूती देखने को मिली। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 56 पैसे मजबूत होकर 93.91 पर बंद हुआ। इससे पहले गुरुवार (5 नवंबर) को रुपया 94.47 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।

सपाट शुरुआत के बाद बाजार में आई जोरदार तेजी

बता दें कि, शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत ज्यादा उतार-चढ़ाव के बिना हुई थी। सेंसेक्स 184.24 अंक यानी 0.23% की बढ़त के साथ 79,494.25 पर खुला था। वहीं, निफ्टी 11.15 अंक यानी 0.05% की मामूली गिरावट के साथ 24,525.45 पर खुला। हालांकि, कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजार में खरीदारी बढ़ती गई और दोनों प्रमुख सूचकांक जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए।

गुरुवार को भी बाजार में आई थी बड़ी तेजी

इससे पहले गुरुवार (5 नवंबर) को भी शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी। उस दिन सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60% उछलकर 79,310.01 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 576 अंक यानी 2.40% की तेजी रही थी और यह 24,536.60 के स्तर पर पहुंच गया था। इस तरह लगातार दो कारोबारी दिनों में बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली।

Created On :  

Tags

Next Story