Share Market Closing Bell: शेयर बाजार में फिर तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1225 अंक उछला, निफ्टी 23800 के पार बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में एक बार फिर से तूफानी तेजी देखने को मिली है। कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन (03 नवंबर 2026, मंगलवार) प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही मजबूती के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,225.07 अंकों यानी कि 1.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,917.85 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 370.05 अंक यानी कि 1.58 प्रतिशत उछलकर 23,810.85 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 2,362 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 1,862 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 156 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में BSE लिमिटेड, टाटा कंज्यूमर, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और नेस्ले के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर इंफोसिस, SBI, ONGC, पावर ग्रिड कॉर्प और अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें हिन्दुस्तान यूनिलिवर, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 5 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें पावरग्रिड, एसबीआई, एनटीपीसी, टाटा स्टील और ट्रेंट के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो इसमें बीते बंद के मुकाबले मंगलवार को 16 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह 94.74 पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 94.69 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले सोमवार की सुबह रुपया 94.89 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 94.90 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला था। इस दौरान सेंसेक्स 595.87 अंकों यानी कि 0.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 76288.65 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 141.45 अंक यानी कि 0.60 प्रतिशत उछलकर 23582.25 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (02 नवंबर 2026, सोमवार) शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी और शाम को यह जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1,233.25 अंकों यानी कि 1.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,692.78 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 387.70 अंक यानी कि 1.68 प्रतिशत उछलकर 23,440.80 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :  
