Share Market Closing Bell: दिवाली से पहले दलाल स्ट्रीट में धमाका! सेंसेक्स में 2008 अंकों की तूफानी तेजी, निफ्टी 24530 के पार बंद हुआ

दिवाली से पहले दलाल स्ट्रीट में धमाका! सेंसेक्स में 2008 अंकों की तूफानी तेजी, निफ्टी 24530 के पार बंद हुआ
आज सेंसेक्स 2,008.61 अंक उछलकर 79,310.01 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 भी 576 अंक यानी 2.40 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 24,536.60 पर पहुंच गया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। गुरुवार को शेयर बाजार खुलते ही खरीदारी का ऐसा माहौल बना कि दिनभर निवेशकों के चेहरे खिले रहे। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने शानदार छलांग लगाई और कारोबार खत्म होते-होते बाजार में जोरदार तेजी दर्ज की गई। बाजार में चौतरफा खरीदारी के चलते सेंसेक्स 2,000 से ज्यादा अंक उछल गया, जबकि निफ्टी भी करीब 576 अंक चढ़कर बंद हुआ। बाजार की इस शानदार तेजी ने दिवाली से पहले निवेशकों को बड़ा तोहफा दे दिया।

कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (05 नवंबर 2026, गुरुवार) बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत उछलकर 79,310.01 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 50 भी 576 अंक यानी 2.40 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज करते हुए 24,536.60 के स्तर पर पहुंच गया।

इन शेयरों ने निवेशकों को कराया सबसे ज्यादा मुनाफा

आज बाजार में खरीदारी का जोर इतना ज्यादा रहा कि ज्यादातर कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए। कारोबार के अंत में 2,868 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 1,384 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 169 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर अपोलो हॉस्पिटल्स, ONGC, NTPC, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और कोल इंडिया के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।

सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर चढ़े

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें बजाज फाइनेंस, इंडिगो, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति, एमएंडएम, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 6 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, अडाणी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।

भारतीय रुपए में भी आई मजबूती

शेयर बाजार के साथ भारतीय रुपए में भी मजबूती देखने को मिली। गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 9 पैसे मजबूत होकर 94.47 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत में रुपया 94.55 रुपये प्रति डॉलर पर खुला था। इससे पहले बुधवार को रुपया 29 पैसे की मजबूती के साथ 94.46 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

सुबह से ही बाजार में दिख रही थी तेजी

सुबह शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 1,609.54 अंक यानी कि 2.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,910.94 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 50 417.45 अंक यानि कि 1.74 प्रतिशत उछलकर 24,378.05 के स्तर पर खुला था।

बुधवार को भी बढ़त के साथ बंद हुआ था बाजार

इससे एक दिन पहले यानी 4 नवंबर 2026 को भी भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। बुधवार को सेंसेक्स 383.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत चढ़कर 77,301.40 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 149.75 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,960.60 पर बंद हुआ था।

Created On :  

Tags

Next Story