Air India Flight Cancelled: अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-159 रद्द, 6 दिन में एयर इंडिया के 3 विमान में तकनीकी खराबी

अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-159 रद्द, 6 दिन में एयर इंडिया के 3 विमान में तकनीकी खराबी
  • एयर इंडिया के एक और विमान में खराबी
  • अहमदाबाद-लंदन जाने वाली फ्लाइट कैंसिल
  • यात्री हो रहे परेशान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एयर इंडिया के विमान में आए दिन दिक्कत सामने आ रही है। अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-159 को तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दिया गया है। यह फ्लाइट मंगलवार (17 जून) को दोपहर 1:10 मिनट पर लंदन के लिए रवाना होने वाली थी। फिलहाल एयर इंडिया की ओर से दूसरे विमान का इंतजाम नहीं किया गया है। सब यात्री एयरपोर्ट पर दूसरी फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। बीते 6 दिनों में एयर इंडिया की यह तीसरी फ्लाइट है जिसमें तकनीकी खराबी आई है।

यात्री परेशान

बताया जा रहा है कि फ्लाइट एआई-159 में 200 से भी अधिक पैसेंजर्स सवार थे। एक यात्री ने बताया कि मेरा टिकट एयर इंडिया से है। अंदर जाने के बाद मुझे बताया गया कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है। जब मैंने इसकी वजह पूछी तो किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। मेरा पास कोई जानकारी नहीं है। वहीं, दूसरे यात्री ने कहा, फ्लाइट रद्द करने की कोई वजह नहीं बताई है। मेरी बच्ची को लंदन जाना था।

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहा विमान कोलकता में रुका

आपको बता दें कि, मंगलवार (17 जून) की रात सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहे विमान को कोलकाता में रुकना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के इंजन में दिक्कत आ गई थी। दरअसल, एयर इंडिया का विमान एआई-180 कोलकाता होते हुए मुंबई के लिए रवाना हो रहा था। इसे मुंबई के लिए मंगलवार रात 2 बजे उड़ान भरनी थी लेकिन तकनीकी दिक्कत के चलते फ्लाइट को एयरपोर्ट पर ही रोक कर रखा। समस्या ठीक नहीं हुई तो पैसेंजर्स को 5.20 बजे उतार दिया गया।

अहमदाबाद में भयानक विमान हादसा

मालूम हो कि, बीते 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हुआ था। एयर इंडिया के पैसंजर विमान एआई-171 के क्रैश होने से 241 लोगों की मौत हो गई। प्लेन को टेकऑफ किए चंद सेकंड हुए थे कि तकनीकी खराबी के चलते विमान क्रैश हो गया। क्रैश होने के बाद प्लेन सीधा एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराया। जहां बहुत से ट्रेनी डॉक्टर्स थे। इमारत पर प्लेन गिरने से 25 से 30 ट्रेनी डॉक्टर्स की भी मौत हो गई। विमान में कुल 242 लोग थे लेकिन सिर्फ एक शख्स ही बच सका। विमान में ब्रिटेन के 53, पुर्तगाल के 7 और कनाडा का एक नागरिक मौजूद था। इसके अलावा सभी यात्री भारतीय थे।

Created On :   17 Jun 2025 1:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story