Amarnath Yatra 2026: समय से 20 दिन पहले रोकी गई अमरनाथ यात्रा, बारिश और लैंडस्लाइड के चलते रास्ता हुआ खराब

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बाबा अमरनाथ के भक्तों के लिए बुरी खबर सामने आई है। तय समय से 20 दिन पहले ही अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के चलते रास्ते खराब हो जाने की वजह से यह फैसला लिया गया है। अब केवल जो जत्थे में हैं, उन्हीं की यात्रा पूरी कराई जाएगी। नए जत्थों को नहीं भेजा जाएगा।
अब तक इतने श्रद्धालु कर चुके यात्रा
अभी तक 4.8 लाख श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की यात्रा कर चुके हैं। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग के मुताबिक मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में खराब मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए 9 अगस्त से दोनों रूट पर यात्रा रोकने का फैसला किया गया है। पहले अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त तक होनी थी।
बता दें कि अमरनाथ यात्रा दो रास्तों से होती है। पहला रास्ता 48 किलोमीटर लंबा है जो कि नुनवान-पहलगाम से होकर जाता है। यह रास्ता लंबा है लेकिन सरल है। वहीं दूसरा रास्ता गांदरबल जिले से है जो कि 14 किलोमीटर लंबा है। यह भले ही छोटा रास्ता है लेकि न इसमें कठिन चढ़ाई है।
छड़ी मुबारक के साथ होगी समाप्त
अमरनाथ यात्रा को भले ही 9 अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाएगा, लेकिन इसका समापन पारंपरिक छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ होगा। पवित्र छड़ी 28 अगस्त को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से अमरनाथ गुफा तक जाएगी और इसी के साथ यात्रा का औपचारिक समापन होगा।
Created On :   8 Aug 2026 7:18 PM IST












