मौसम अपडेट: एमपी में सुबह से भीषण बारिश का दौर जारी, दिल्ली से केरल तक 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर का मौसम

एमपी में सुबह से भीषण बारिश का दौर जारी, दिल्ली से केरल तक 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर का मौसम
दिल्ली से लेकर केरल तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, एमपी में सुबह से मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। ऐसे में चलिए आपके शहर के मौसम के बारे में जानते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की तरफ से अलग-अलग इलाकों में भारी से भी बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। एमपी में सुबह से ही भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं, केरल से लेकर दिल्ली तक भारी बारिश का अलर्ट जारी है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का खतरा भी तेज हो गया है। लोगों को जलभराव और बाढ़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर भारत में कैसा रहने वाला है मौसम?

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगह मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तेज बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राजस्थान के पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं भारी से भई बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा, हिमाचल में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य की करीब 185 सड़कें बंद हैं। मंडी और कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में हैं। मौसम विभाग ने 11 अगस्त को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट दी है और 14 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर में भी बारिश का दौर जारी

बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। पटना में तापमान करीब 34 डिग्री तक रह सकता है। पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का असर नजर आ सकता है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

मध्य और पश्चिमी भारत भी प्रभावित

मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। राजस्थान के कई हिस्सों में पहले से ही पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। महाराष्ट्र, गुजरात और कोंकण-गोवा में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

दक्षिण भारत में भी अलर्ट जारी

कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। केरल के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। अधिकारियों की नजर लगातार मौसम और जम्मू-श्रीनगर मार्ग की स्थिति पर बनी हुई है।

Created On :   9 Aug 2026 10:21 AM IST

Tags

Next Story