Dharmendra Pradhan Statement: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफे के बाद पहला रिएक्शन, जेन जी के लिए क्या कहा?

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफे के बाद पहला रिएक्शन, जेन जी के लिए क्या कहा?
पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे के बाद खुलकर बात की है। उन्होंने कहा है कि जेन जी को गुमराह करने की कोशिश की गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद देशभर में छात्र आंदोलन शुरू हो गए थे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इन सबके बाद पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पहली बार अपनी बात खुलकर सबके सामने रखी है। उन्होंने कहा है कि छात्रों से उनको कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन आंदोलन के समय कुछ लोगों ने देश के युवाओं को गुमराह करने की कोशिश जरूर की है।

पद से हटने के बाद छात्रों के बीच पहुंचे प्रधान

धर्मेंद्र प्रधान ने भुवनेश्वर की जीएम यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत के दौरान यह बात कही है। उनका बयान शिक्षा मंत्री पद छोड़ने के लगभग दो हफ्तों के बाद आया है। नीट परीक्षा को लेकर छात्रों के विरोध के बीच इस्तीफा दिया था। अब वह छात्रों के बीच पहुंचकर अपने कार्यकाल और उस समय हुए विवाद के बीच की स्थिति स्पष्ट तौर पर बताई है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि युवाओं की अपनी उम्मीदें और सपने हैं। हर साल भारत में लगभग 2 करोड़ बच्चे जन्म लेते हैं और बीते 20 सालों में लगभग 20 करोड़ युवा इस देश की नई पीढ़ी का हिस्सा बने हैं। उनके मुताबिक, यही युवा आने वाले समय में भारत को आगे ले जाने में सबसे अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि मंत्री पद सबसे अहम चीज नहीं थी, उन्होंने खुद पीएम नरेंद्र मोदी के सामने इस्तीफा देने की इच्छा जताई थी।

नवीन पटनायक पर साधा निशाना

वहीं, एक अन्य कार्यक्रम में धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक पर भी निशाना साधा है। उनके दौरे के दौरान बीजद के युवा और छात्र संगठनों से जुड़े लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ वापस जाने के नारे भी लगाए थे। इस पर प्रधान ने कहा कि ऐसे विरोध से उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने खुद को किसान का बेटा बताते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें वापस जाने को कहेगा, तो भी वह ओडिशा लौटकर आते रहेंगे। प्रधान ने सवाल उठाया कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन सा काम किया है, जिससे ओडिशा के लोगों को शर्मिंदगी उठानी पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि नवीन पटनायक उनके खिलाफ युवाओं को प्रदर्शन के लिए उकसा रहे हैं। प्रधान ने यह भी कहा कि पटनायक उन्हें ओडिशा के लिए गलत और शर्मिंदगी का कारण बताते हैं, लेकिन वह इस तरह की बातों से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

Created On :   9 Aug 2026 11:55 AM IST

Tags

Next Story