समन: अरविंद केजरीवाल ने पांचवें समन को भी बताया गैरकानूनी, ईडी के सामने पेश होने से किया इंकार

अरविंद केजरीवाल ने पांचवें समन को भी बताया गैरकानूनी, ईडी के सामने पेश होने से किया इंकार
  • ईडी के सामने नहीं पेश होंगे केजरीवाल
  • पार्टी ने समन को बताया 'गैरकानूनी'
  • मामले पर राजनीतिक बयानबाजी जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शराब नीति घोटाले में ईडी ने 31 जनवरी को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पांचवा समन जारी कर उन्हें 2 फरवरी को पेश होने के लिए कहा था। दरअसल, केंद्रीय जांच एजेंसी कथित घोटाले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से पूछताछ करना चाहती है। लेकिन आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार सुबह साफ कर दिया है कि केजरीवाल इस बार भी ईडी के सामने पेश नहीं होंगे। इसके साथ ही पार्टी ने ईडी के समन को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। पार्टी के मुताबिक, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर दिल्ली में आप की सरकार को गिराने की राजनीतिक साजिश की जा रही है। पार्टी ने एक बार फिर ईडी के पांचवें समन को भी 'गैरकानूनी' करार दिया है।

'हम ऐसा नहीं होने देंगे'

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार सुबह बयान जारी कर पांचवें समन पर भी ईडी के सामने केजरीवाल के पेश नहीं होने की जानकारी दी। पार्टी ने पिछले चार समन की तरह पांचवी समन को गैरकानूनी बताया। पार्टी ने कहा, 'हम वैध समन का पालन करेंगे। पीएम मोदी का लक्ष्य अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर दिल्ली की सरकार गिराना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे।'

'कोर्ट क्यों नहीं जा रहे हैं?'- भाजपा नेता

समन को गैरकानूनी कहे जाने पर भाजपा नेता हरीश खुराना ने सवाल किया कि अगर समन गैरकानूनी है तो केजरीवाल कोर्ट का रूख क्यों नहीं कर रहे हैं। भाजपा नेता ने पांचवा समन नजरअंदाज करने पर रिएक्शन देते हुए कहा, "...अरविंद केजरीवाल इसे (ईडी के समन को) गैरकानूनी कह रहे हैं... सवाल ये उठता है कि यदि ये समन गैरकानूनी है तो आप कोर्ट क्यों नहीं जा रहे हैं?... ये इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं का टूलकिट है... दस बार समन टालने के बाद हेमंत सोरेन को भी ईडी के सामने पेश होना पड़ा... अरविंद केजरीवाल, कल अगर ईडी ने आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तो आप बेचारा बनने की कोशिश मत कीजिएगा।"

'ईवीएम और ईडी है तो मोदी और भाजपा है'

शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद संजय राउत ने केजरीवाल को भेजे गए ईडी के समन और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ की गई कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए कहा कि ईवीएम और ईडी की वजह से ही देश में मोदी और भाजपा है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा, "हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी भी गैर कानूनी है, अरविंद केजरीवाल के ऊपर एक्शन भी गैर कानूनी है... ईवीएम और ईडी है तो मोदी और भाजपा है, यह नारा देश में गूंज रहा है। चाहे महाराष्ट्र हो, बिहार हो, दिल्ली हो या झारखंड हो जो भाजपा के साथ नहीं है उस पर ईडी छापेमारी करेगी।"

Created On :   2 Feb 2024 7:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story