मानसून में देरी कराएगा बिपरजॉय, अगले 24 घंटे के दौरान गंभीर चक्रवाती तूफान हो सकता है तब्दील, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मानसून में देरी कराएगा बिपरजॉय, अगले 24 घंटे के दौरान गंभीर चक्रवाती तूफान हो सकता है तब्दील, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
बिपरजॉय नाम बांग्लादेश द्वारा दिया गया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणपूर्व अरब सागर के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र अब तूफान बिपरजॉय में बदल गया है। विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय पूर्व-मध्य और आस-पास के दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर गोवा के पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में लगभग 890 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इस दौरान देश तटीय इलाकों में 8 से 10 जून तक बहुत ऊंची समुद्री लहरें उठने की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मछुआरों को किनारे पर लौटने की सलाह दी है।

मानसून पर असर

मौसम के मुताबिक इस तूफान के चलते दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने और इसके गहरा होने से मानसून का केरल तट पर आना बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। बता दें कि मौसम विभाग इससे पहले ही इस बार मानसून के देरी से आने की संभावना व्यक्त कर चुका है।

ऐसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में देश के मौसम में असमानता देखने को मिलेगी। जहां राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत मध्यप्रदेश व राजस्थान में हल्की बारिश और आंधी देखने को मिलेगी वहीं बिहार और यूपी में लू चल सकती है।

वहीं बात करें मध्यप्रदेश की तो मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी फिलहाल जारी रहेगी। विभाग ने आने वाले 15 जून तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के मौसम में ये बदलाव राजस्थान व छत्तीसगढ़ में नए सिस्टम के एक्टिव होने से होगा।

मौसम विभाग ने 7 जून को राजधानी भोपाल, देवास, धार, उज्जैन, सागर, सिवनी, नीमच, मंदसौर, डिंडोरी और सिवनी में बारिश होने की संभावना जताई है।

Created On :   7 Jun 2023 5:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story